June 19 2026 07:09 am

मोनोरेल की तकनीकी खराबी ने बढ़ाई मुंबईवालों की मुश्किलें

Post

India News Live,Digital Desk : मुंबई में भारी बारिश के बीच मोनोरेल अचानक एंटॉप हिल के पास रुक गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। तकनीकी खराबी के चलते यह घटना हुई। दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और करीब 17 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर दूसरी मोनोरेल में बिठाया गया।

जानकारी के अनुसार, निकाले गए यात्रियों को चेंबूर की ओर जाने वाली मोनोरेल में स्थानांतरित किया गया। मोनोरेल कॉर्पोरेशन ने बताया कि बिजली आपूर्ति में समस्या के कारण यह रुकावट आई, हालांकि पूरी जांच अभी जारी है।

यात्रियों का कहना है कि मोनोरेल में ऐसी तकनीकी समस्याएँ अक्सर हो रही हैं और इसका स्थायी समाधान ज़रूरी है।

इससे पहले 27 अगस्त को भी मोनोरेल में खराबी के कारण सैकड़ों यात्री फँस गए थे। उस समय मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क के बीच फंसी मोनोरेल से 'स्नोर्कल' सीढ़ी की मदद से 582 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया था। इस मामले में दो अधिकारियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया था।

अगस्त में ही यात्रियों की अधिक संख्या के कारण मोनोरेल एक बार रोक दी गई थी। जांच में पता चला कि यह रुकावट तकनीकी खराबी के कारण नहीं बल्कि ओवरलोडिंग के कारण हुई थी।