बिहार में आज 'Mega' कैबिनेट विस्तार सम्राट सरकार में 31 नए मंत्री लेंगे शपथ,निशांत और डॉ. श्वेता गुप्ता बनेंगे मंत्री
India News Live, Digital Desk: बिहार की सियासत में आज का दिन बेहद अहम होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार का आज पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार होने वाला है। राजभवन में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में कुल 31 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। इस विस्तार में सबसे ज्यादा चर्चा उन चेहरों की है जो पहली बार मंत्री पद की कुर्सी संभालने जा रहे हैं। इसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और शिवहर की विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता का नाम सबसे ऊपर है।
जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों का तालमेल: किसे कितनी मिली जगह?
कैबिनेट विस्तार में सभी सहयोगी दलों को साधने की कोशिश की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा कोटे से सबसे ज्यादा 14 मंत्री शपथ लेंगे, जबकि जदयू कोटे से 13 नेताओं को मंत्री बनाया जा रहा है। इसके अलावा चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (आर) से दो चेहरे (संजय सिंह और संजय पासवान) कैबिनेट में शामिल होंगे। वहीं, 'हम' से संतोष सुमन और आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
कौन हैं डॉ. श्वेता गुप्ता? शिवहर से लहराया था जीत का परचम
पहली बार मंत्री बनने जा रही डॉ. श्वेता गुप्ता इस कैबिनेट का सबसे ग्लैमरस और पढ़ा-लिखा चेहरा मानी जा रही हैं। पेशे से डॉक्टर श्वेता गुप्ता ने 2025 के विधानसभा चुनाव में शिवहर सीट से आरजेडी के नवनीत कुमार को 31 हजार से ज्यादा वोटों के भारी अंतर से हराया था। मूल रूप से सीतामढ़ी की रहने वाली श्वेता ने मेडिकल में पीजी किया है और उनकी छवि एक साफ-सुथरे नेता की है। जेडीयू ने इस बार दिग्गज नेता आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद की जगह उन पर भरोसा जताया था, जिस पर वह खरी उतरीं।
करोड़ों की मालकिन हैं श्वेता, नहीं है कोई आपराधिक रिकॉर्ड
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, 44 वर्षीय डॉ. श्वेता गुप्ता करीब 28.4 करोड़ रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं। इसमें 6.6 करोड़ की चल और 21.8 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। दिलचस्प बात यह है कि उनकी प्रोफाइल पूरी तरह बेदाग है और उनके खिलाफ एक भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उनकी वार्षिक आय लगभग 74.4 लाख रुपये है।
जदयू के इन 13 दिग्गजों पर टिकी नजरें
नीतीश कुमार की पार्टी जदयू से मंत्रियों की जो सूची सामने आई है, उसमें अनुभवी और नए चेहरों का मिश्रण है। शपथ लेने वालों में निशांत कुमार, श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, बुलो मंडल, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान और अशोक चौधरी के नाम शामिल हैं। भाजपा की ओर से भी मिथिलेश तिवारी और नंद किशोर जैसे अनुभवी नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।