BREAKING:
August 05 2026 06:19 am

55 साल बाद बदल गया ‘मेरा नाम जोकर’ की मारिया का लुक, जानें अब कैसी दिखती हैं रूस की एक्ट्रेस सेनिया रियाबिनकिना

Post

India News Live,Digital Desk :1970 में रिलीज हुई राज कपूर की फिल्म मेरा नाम जोकर हिंदी सिनेमा की उन फिल्मों में से है जिसे बनाने में राज कपूर ने अपना सब कुछ झोंक दिया था। करीब 4 घंटे 15 मिनट लंबी इस फिल्म का निर्देशन भी राज कपूर ने ही किया था और वे इसके लीड एक्टर भी थे। सिमी गरेवाल, धर्मेंद्र और कई बड़े कलाकारों ने इसमें अहम भूमिकाएँ निभाई थीं।

लेकिन इस फिल्म की याद आज भी जिस चेहरे से सबसे ज्यादा जुड़ी है, वह है रूस से आई एक्ट्रेस सेनिया रियाबिनकिना, जिन्होंने फिल्म में मारिया नाम की रूसी लड़की की भूमिका निभाई थी। फिल्म को रिलीज हुए 55 साल हो चुके हैं, और अब सेनिया का लुक पूरी तरह बदल चुका है।

अब ऐसी दिखती हैं ‘मारिया’—सेनिया रियाबिनकिना की लेटेस्ट तस्वीर वायरल

हाल ही में सेनिया रियाबिनकिना की एक नई तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है। इसमें वे रूस स्थित अपने घर के बाहर हाथों में फूलों का गुलदस्ता लिए दिखाई दे रही हैं।
आज उनकी उम्र 75 साल हो चुकी है और उम्र के साथ उनका लुक काफी बदल गया है।

हालांकि, उनके चेहरे की सादगी और शांत भाव आज भी वैसा ही लगते हैं, जैसा कि मेरा नाम जोकर में मारिया के रूप में देखने को मिला था। फिल्म की रिलीज के समय सेनिया मात्र 25 साल की थीं और उनकी खूबसूरती की खूब चर्चा होती थी।

फिल्म में उन्होंने एक रूसी सर्कस आर्टिस्ट की भूमिका निभाई थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था, भले ही फिल्म व्यावसायिक रूप से सफल नहीं हुई।

‘मेरा नाम जोकर’ क्यों बनी सुपरफ्लॉप?

राज कपूर ने इस फिल्म को बनाने में वर्षों लगाए और अपनी पूरी कमाई इसमें लगा दी।
लेकिन रिलीज के बाद यह फिल्म बड़े पैमाने पर असफल हुई और इसके असर से राज कपूर गहरे सदमे में चले गए थे।

हालांकि, कुछ ही साल बाद उन्होंने अपने बेटे ऋषि कपूर की डेब्यू फिल्म ‘बॉबी’ बनाई, जिसने ज़बरदस्त सफलता दिलाई और राज कपूर ने शानदार वापसी की।