BREAKING:
August 19 2026 01:48 am

महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा को हुआ कैंसर, इमोशनल पोस्ट साझा कर बताया दर्द; पति और बेटी सई को कहा शुक्रिया

Post

मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और निर्देशक महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा मांजरेकर (Medha Manjrekar) ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ एक बेहद भावुक खबर साझा की है। मेधा ने इंस्टाग्राम पर खुलासा किया है कि वह कैंसर (Cancer) जैसी गंभीर बीमारी से जंग लड़ रही हैं। उन्होंने अपने इलाज, सर्जरी और कीमोथेरेपी के सफर को बयां करते हुए एक दिल छू लेने वाला पोस्ट लिखा है, जिसमें उन्होंने मुश्किल वक्त में साथ खड़े रहने के लिए अपने परिवार और दोस्तों का आभार जताया है।

"बाल खोए, लेकिन नहीं खोई चेहरे की मुस्कान"

मेधा मांजरेकर ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिसमें उनके बाल काफी छोटे नजर आ रहे हैं। कैंसर के इलाज (कीमोथेरेपी और रेडिएशन) के दौरान उन्हें अपने बाल गंवाने पड़े, लेकिन इसके बावजूद उनके चेहरे की मुस्कान और हौसला कम नहीं हुआ है। उन्होंने अपनी तस्वीरों के साथ लिखा कि कुछ यात्राएं ऐसी होती हैं जो आपको हमेशा के लिए बदल कर रख देती हैं और यह भी उन्हीं में से एक है।

"मैंने यह सफर कभी अकेले तय नहीं किया"

अपने दर्दनाक लेकिन हिम्मत से भरे सफर को याद करते हुए मेधा ने इंस्टाग्राम पर लिखा:

"मेरे ट्रीटमेंट का एक बड़ा फेज अब खत्म होने वाला है। लोग अक्सर मुझसे पूछते हैं कि तुमने यह सब कैसे सहा? इसका जवाब बेहद सीधा है—मैंने कभी भी यह सफर अकेले तय नहीं किया। जब भी मुझे लगता कि मैं अब एक कदम भी आगे नहीं चल सकती, कोई न कोई मेरा हाथ थामने के लिए आ जाता। पीछे मुड़कर देखने पर मुझे अहसास होता है कि यह कोई संयोग नहीं था, बल्कि ईश्वर का मेरा हाथ थामने का अनोखा तरीका था।"

मुश्किल वक्त में हिम्मत बनकर खड़े रहे महेश और बेटी सई

मेधा ने इस कठिन दौर में हर पल साए की तरह साथ निभाने के लिए अपने पति महेश मांजरेकर और बेटी सई मांजरेकर (Saiee Manjrekar) का विशेष रूप से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने महेश के लिए लिखा, "बस हर मोड़ पर मेरे साथ रहने के लिए तुम्हारा धन्यवाद।" मेधा ने बताया कि ट्रीटमेंट के दौरान जब उनका कुछ खाने का मन नहीं करता था, तब उनके दोस्त और परिवारवाले उनकी पसंद का ढोकला, सॉफ्ट इडली, गुलपापड़ी और पानी-पूरी लाकर उनका मूड ठीक करते थे। मेधा के इस पोस्ट पर फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स उनके जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं।