इजरायल ने रोकी ग्रेटा थनबर्ग की मानवीय मदद वाली 'फ्रीडम फ्लोटिला', गाजा जाते जहाज को लिया हिरासत में
- by Priyanka Tiwari
- 2025-06-10 00:55:00
India News Live, Digital Desk: ब्रिटिश झंडे वाली 'मैडलीन' नामक इस नौका पर ग्रेटा थनबर्ग समेत कुल 12 कार्यकर्ता सवार थे। वे इटली के सिसिली से रवाना हुए थे और गाजा की ओर बढ़ रहे थे। अभियान से जुड़े संगठन फ्रीडम फ्लोटिला कोएलिशन (FFC) ने जानकारी दी कि रात करीब 2 बजे इजरायली नौसेना ने समुद्र में घुसकर इस नौका को घेर लिया और सभी यात्रियों को हिरासत में ले लिया।
रीमा हसन ने साझा की तस्वीरें
यूरोपीय संसद की सदस्य और जहाज पर मौजूद कार्यकर्ता रीमा हसन ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की जिसमें सभी यात्री लाइफ जैकेट पहनकर और हाथ ऊपर किए बैठे नजर आए। उन्होंने बताया कि जहाज के संपर्क पूरी तरह टूट गए हैं और इजरायली बलों ने सभी को जबरन उठा लिया है।
नौसेना की नाकेबंदी को दी चुनौती
यह जहाज गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के साथ-साथ इजरायल की वर्षों पुरानी नौसेना नाकेबंदी को भी चुनौती देने के उद्देश्य से भेजा गया था। फ्रीडम फ्लोटिला अभियान के आयोजकों ने पहले ही चेताया था कि इजरायली हमले की आशंका है, इसलिए नौका को विशेष रूप से तैयार किया गया था।
प्रचार का आरोप
इजरायली मीडिया और कुछ अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि यह मिशन प्रचार पाने का एक जरिया था। उनका कहना है कि पिछले दो हफ्तों में गाजा में 1,200 से अधिक राहत ट्रक पहुंच चुके हैं और 11 मिलियन भोजन वितरित किए गए हैं। ग्रेटा और उनके सहयोगियों पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने जानबूझकर मीडिया में उकसावे की कोशिश की, जिससे यह अभियान एक ‘सेल्फी नौका’ बन गया।