IPL 2026: कप्तान अजिंक्य रहाणे के नाम दर्ज हुआ 'शर्मनाक' रिकॉर्ड, ओपनर के तौर पर शून्य पर आउट होने के मामले में निकले सबसे आगे

Post

India News Live,Digital Desk : कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए पिछला मैच भले ही जीत की खुशियां लेकर आया हो, लेकिन टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे के लिए यह एक बुरे सपने जैसा साबित हुआ। राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में रहाणे बिना खाता खोले (Duck) पवेलियन लौट गए। इस 'शून्य' के साथ ही उन्होंने आईपीएल इतिहास का एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसे कोई भी बल्लेबाज याद नहीं रखना चाहेगा।

पार्थिव पटेल को पछाड़ा, बने 'डक' किंग

राजस्थान के खिलाफ शून्य पर आउट होते ही रहाणे आईपीएल में बतौर सलामी बल्लेबाज (Opener) सबसे ज्यादा बार जीरो पर आउट होने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रहाणे अब तक 12 बार बतौर ओपनर शून्य पर आउट हो चुके हैं।

IPL में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा बार शून्य (0) पर आउट होने वाले बल्लेबाज:

अजिंक्य रहाणे: 12 बार

पार्थिव पटेल: 11 बार

शिखर धवन: 10 बार

गौतम गंभीर: 10 बार

डेविड वार्नर: 09 बार

IPL 2026: रहाणे की फॉर्म पर उठ रहे सवाल

सीजन की शुरुआत तो रहाणे के लिए अच्छी रही थी, जहां उन्होंने पहले ही मैच में 67 रनों की कप्तानी पारी खेली थी। लेकिन उसके बाद से उनके बल्ले को जैसे 'जंग' लग गया है। पिछले 7 मैचों में वह केवल 152 रन बना सके हैं, जिसमें पिछली 6 पारियों में से 4 बार वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। लगातार दो मैचों (गुजरात और राजस्थान के खिलाफ) में 'डक' पर आउट होने के बाद अब केकेआर के ओपनिंग स्लॉट पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।

मैच का हाल: गेंदबाजों और रिंकू ने बचाई लाज

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर के सामने मात्र 156 रनों का लक्ष्य रखा था। केकेआर के गेंदबाजों—वरुण चक्रवर्ती (3 विकेट) और कार्तिक त्यागी (3 विकेट)—ने शानदार प्रदर्शन किया। लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत बेहद खराब रही।

पारी के पहले ही ओवर में टिम सीफर्ट (0) और दूसरे ओवर में रहाणे (0) आउट हो गए। एक समय केकेआर ने 85 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे संकट के समय में रिंकू सिंह (53)* और अनुकूल रॉय (29)* ने मोर्चा संभाला और हारी हुई बाजी को 4 विकेट से जीत में बदल दिया।