नई रणनीति के साथ इन्वेस्ट यूपी अब कई देशों में डेस्क स्थापित करेगा

Post

India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए इन्वेस्ट यूपी ने नई योजना बनाई है। जापान के ओसाका शहर में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो से लौटने के बाद अब संस्था ने दक्षिण कोरिया, जर्मनी, फ्रांस समेत कई देशों में डेस्क स्थापित करने का निर्णय लिया है। उद्देश्य है—इन देशों के संभावित निवेशकों के साथ सीधे संपर्क स्थापित कर राज्य में निवेश बढ़ाना।

पिछले महीने, ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो में उत्तर प्रदेश के तीन प्रतिनिधिमंडलों ने हिस्सा लिया था। इस दौरान जापानी कंपनियों के साथ ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक, फार्मा, पर्यटन, शहरी विकास, सेमीकंडक्टर और जीसीसी (ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स) जैसे क्षेत्रों में निवेश को लेकर गोलमेज बैठकों का आयोजन किया गया।

इन्वेस्ट यूपी की टीम ने जापान के यामानाशी प्रांत में ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, संटोरी हकुशू डिस्टिलरी, हाईड्रोजन रिसर्च सेंटर और यामानाशी विश्वविद्यालय में बने हाइड्रोजन व फ्यूल सेल नैनोमैटेरियल्स सेंटर का दौरा भी किया। इस दौरान तकनीकी हस्तांतरण के प्रस्ताव भी रखे गए।

हालांकि अभी तक किसी भी प्रस्ताव को औपचारिक रूप से लागू नहीं किया गया है। इसी कारण इन्वेस्ट यूपी ने रणनीति में बदलाव कर, पहले जापान डेस्क और अब अन्य देशों में भी डेस्क खोलने की योजना बनाई है। मकसद है—दौरे से पहले कंपनियों को निवेश नीतियों और अन्य ज़रूरी जानकारी देकर उन्हें राज्य में निवेश के लिए आकर्षित करना।