IIT रुड़की ने JEE Advanced 2026 के लिए नए पात्रता नियम और परीक्षा तिथियाँ घोषित कीं

Post

India News Live,Digital Desk : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की ने JEE Advanced 2026 के लिए नए पात्रता नियमों की घोषणा कर दी है। संस्थान ने एक आधिकारिक नोटिस के माध्यम से यह जानकारी दी। नए नियमों की घोषणा कुल पाँच बिंदुओं में की गई है और प्रत्येक उम्मीदवार के लिए इनका पालन करना अनिवार्य किया गया है। 

नोटिस के अनुसार, जेईई एडवांस्ड 2026 में उपस्थित होने से पहले उम्मीदवार को जेईई मेन 2026 (बीई/बीटेक पेपर) में शीर्ष 250,000 सफल उम्मीदवारों में शामिल होना चाहिए। आरक्षित श्रेणियों के लिए सीटों का प्रतिशत पहले की तरह ही रहेगा और सभी श्रेणियों में दिव्यांग उम्मीदवारों को 5 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

आयु सीमा के मानदंड भी घोषित कर दिए गए हैं। सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों का जन्म 1 अक्टूबर 2001 या उसके बाद हुआ होना चाहिए, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग उम्मीदवारों को पाँच वर्ष की छूट मिलेगी। वहीं, आरक्षित श्रेणियों के लिए जन्मतिथि 1 अक्टूबर 1996 या उसके बाद होनी चाहिए।

परीक्षा के प्रयासों के नियम भी स्पष्ट कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी जेईई एडवांस परीक्षा केवल दो बार और वह भी लगातार दो वर्षों में ही दे सकेंगे। इसका मतलब है कि अवसर सीमित हैं और तैयारी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करनी होगी।

इस नियम में भी बदलाव

12वीं कक्षा की परीक्षा से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव हुआ है। वे उम्मीदवार जो 2025 या 2026 में पहली बार 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे, वे जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए पात्र होंगे। 2024 या उससे पहले 12वीं कक्षा की परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार इस परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे। हालाँकि, अगर किसी बोर्ड ने 2023-24 का परिणाम 18 जून 2024 को या उसके बाद घोषित किया है, तो 2024 में परीक्षा देने वाले उम्मीदवार पात्र माने जाएँगे। अगर बोर्ड द्वारा परिणाम रोक लिया जाता है, तो उम्मीदवार को पात्र नहीं माना जाएगा।

जिन अभ्यर्थियों को पहले ही आईआईटी में प्रवेश मिल चुका है, उनके लिए भी स्पष्ट नियम घोषित किए गए हैं। अगर किसी अभ्यर्थी को पहले आईआईटी में सीट आवंटित हो चुकी है, उसने प्रवेश लिया है, रिपोर्ट किया है या उसकी सीट बाद में रद्द कर दी गई है, तो वह जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए पात्र नहीं होगा। हालाँकि, जिन अभ्यर्थियों को 2025 में प्रिपरेटरी कोर्स में प्रवेश मिला था और जिन अभ्यर्थियों को जोसा 2025 में आईआईटी सीट मिली थी, लेकिन उन्होंने रिपोर्ट नहीं की, वे परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

तारीखों की भी घोषणा

एनटीए ने जेईई मेन 2026 के लिए परीक्षा तिथियों की भी घोषणा की है। मेन्स का सत्र 1 21 से 30 जनवरी, 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा, जबकि सत्र -2 परीक्षा 1 अप्रैल से 10 अप्रैल, 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। आईआईटी रुड़की 17 मई, 2026 को जेईई एडवांस 2026 कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित करेगा।