वाराणसी में दिग्गजों का जमावड़ा: राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्यपाल और सीएम योगी पहुंचे; पीएम के दौरे की तैयारियां तेज

Post

India News Live,Digital Desk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे और बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) में आयोजित होने वाले 'जनाक्रोश महिला सम्मेलन' को लेकर धर्मनगरी काशी में सियासी सरगर्मी चरम पर है। मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलग-अलग समय पर वाराणसी पहुंचे। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) पर सभी विशिष्ट अतिथियों का जोरदार स्वागत किया गया।

बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे भाजपा अध्यक्ष

वाराणसी पहुंचने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। उनके साथ संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ नेताओं की अगवानी की।

डिप्टी सीएम और आला अधिकारियों ने डाला डेरा

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए प्रदेश के दोनों उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी वाराणसी पहुंच चुके हैं। सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए शासन के आला अधिकारियों का आगमन भी शुरू हो गया है। दोपहर करीब 12:15 बजे प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे।

महिला सम्मेलन पर टिकी सबकी नजरें

बनारस रेल इंजन कारखाना में प्रस्तावित 'जनाक्रोश महिला सम्मेलन' को प्रधानमंत्री के दौरे का मुख्य आकर्षण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। एयरपोर्ट से सभी दिग्गज नेता सड़क मार्ग से शहर के लिए रवाना हुए, जहां वे विभिन्न संगठनात्मक और प्रशासनिक बैठकों में हिस्सा लेंगे।