Disha Patni's house firing case revealed : पिता ने योगी सरकार का जताया आभार
India News Live,Digital Desk : दिशा पाटनी के पिता और सेवानिवृत्त सीओ जगदीश पाटनी ने बदमाशों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा,
“मुख्यमंत्री ने जिस भरोसे की बात की थी, उसी पर खरा उतरते हुए बहुत कम समय में अपराधियों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की। मैंने फोन पर भी मुख्यमंत्री से बात करके उनका आभार व्यक्त किया। उनके नेतृत्व में यूपी पुलिस और सरकार भयमुक्त समाज की तस्वीर को सच कर रहे हैं।”
दिनभर शहर में घूमते रहे बदमाश
पुलिस जांच में सामने आया कि दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने के बाद आरोपी शहर से भागे नहीं, बल्कि दिनभर अलग-अलग इलाकों में घूमते रहे। उनकी लोकेशन इज्जतनगर समेत कई जगहों पर मिली। सीसीटीवी कैमरों में ये लोग करीब 500 बार ट्रेस हुए। पुलिस ने इसी का फायदा उठाकर उनकी पहचान की।
CCTV फुटेज से मिला बड़ा सुराग
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि 12 सितंबर को चौपुला पुल के पास CCTV में बदमाश फोन निकालकर कुछ देखते दिखे। वहीं से उनकी IPDR डिटेल निकाली गई और मोबाइल नंबर की सटीक जानकारी मिली।
बाइक बनी गिरफ्तारी की वजह
बदमाशों की पहचान उनकी बाइकों से हुई।
पहले दिन फायरिंग करने आए विजय और नकुल स्प्लेंडर बाइक पर थे, जिसमें दोनों शीशे लगे थे।
दूसरे दिन अरुण और रविंद्र अपाचे बाइक पर आए, जिसकी पीछे की हेडलाइट टूटी हुई थी।
यही गलती उनके लिए भारी साबित हुई और पुलिस तक सुराग पहुंच गया।
हरियाणा और यूपी के बदमाश शामिल
गैंग में चार बदमाश थे–
रविंद्र (रोहतक, हरियाणा) – मुठभेड़ में मारा गया
अरुण (सोनीपत, हरियाणा) – मुठभेड़ में मारा गया
नकुल (बागपत, यूपी) – अभी फरार
विजय तोमर (बागपत, यूपी) – अभी फरार
टेप से छिपाया बाइक का नंबर
अपाचे बाइक का नंबर शुरुआत में पुलिस को नहीं दिखा। जांच में पता चला कि बदमाशों ने जसौली से टेप खरीदकर नंबर ढक दिया था। बाद में जसौली से पहले की फुटेज देखने पर असली नंबर सामने आ गया।
मिनट-दर-मिनट मूवमेंट
12 सितंबर की रात बदमाश रामपुर के होटल से निकले और फिर पूरी रात अलग-अलग जगहों पर घूमते रहे।
2:25 बजे – फतेहगंज पश्चिमी टोल
2:45 बजे – झुमका तिराहा
3:24 बजे – चौपुला चौराहा
3:33 बजे – दिशा पाटनी के घर फायरिंग
3:42–5:21 बजे – मिनी बाईपास, इज्जतनगर, डेलापीर, विलयधाम, भोजीपुरा टोल, शाही, दुनका, रास डांडिया होते हुए
6:38 बजे – नेशनल हाईवे से रामपुर-विलासपुर मार्ग होते हुए दिल्ली की ओर रवाना