कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर सस्ता, घरेलू गैस पर कोई असर नहीं, 1 अगस्त से नए रेट लागू

Post

India News Live,Digital Desk : देश में आज यानी 1 अगस्त 2025 से कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में कटौती कर दी गई है। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। आज से देश में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 33.50 रुपये कम हो गई है।

लगातार दूसरे महीने कटौती 
यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में कटौती की गई है। इसके बाद दिल्ली में इसका नया रेट 1,631.50 रुपये हो गया है, जबकि मुंबई में यह करीब 1,583 रुपये में बिक रहा है। जबकि कोलकाता में आज से कमर्शियल सिलेंडर का नया रेट 1,735.50 रुपये और चेन्नई में करीब 1,790.00 प्रति सिलेंडर हो गया है। जुलाई की शुरुआत में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम दिल्ली में 1665 रुपये और कोलकाता-मुंबई में 1616.50 रुपये था।

जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत फिलहाल 853 रुपये और आर्थिक राजधानी मुंबई में 852.50 रुपये है। तेल कंपनियों ने अपने जारी एक बयान में कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में यह संशोधन 1 अगस्त से पूरे देश में लागू होगा। इसके बाद कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कमी से रेस्टोरेंट, अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और होटलों को कुछ राहत मिली है।

उल्लेखनीय है कि 8 अप्रैल 2025 के बाद से घरेलू गैस की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं होने से उन लोगों को भी राहत मिली है जो पूरी तरह से इस पर निर्भर हैं। तेल कंपनियां हर महीने की शुरुआत में इसकी कीमत की समीक्षा करती हैं।