सीएम योगी का मिशन वेस्ट यूपी: बिजनौर और बुलंदशहर को मिलेंगे करोड़ों के तोहफे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 17 और 18 जुलाई को पश्चिमी यूपी के दो प्रमुख जिलों, बिजनौर और बुलंदशहर के दौरे पर आ रहे हैं। इस दो दिवसीय दौरे के दौरान सीएम योगी दोनों जिलों के निवासियों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे, जिसमें कई महत्वपूर्ण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण शामिल है।
बिजनौर में 17 जुलाई को विकास की हुंकार
मुख्यमंत्री 17 जुलाई को बिजनौर पहुंचेंगे। यहाँ चाँदपुर और सदर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं को जनता को समर्पित किया जाएगा। डीएम जसजीत कौर ने विदुर सभागार में समीक्षा बैठक कर हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान सीएम एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
18 जुलाई को बुलंदशहर में ममेगा विकास उत्सव
दौरे के दूसरे दिन, यानी 18 जुलाई को सीएम योगी बुलंदशहर का रुख करेंगे। जिला प्रशासन के अनुसार, बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए नुमाइश मैदान में भव्य कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है। डीएम कुमार हर्ष और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और पंडाल का जायजा लिया है।