कैसरगंज रेंज में वन विभाग की बड़ी कामयाबी, एक और भेड़िया ढेर
- by Priyanka Tiwari
- 2025-12-30 18:25:00
India News Live,Digital Desk : कैसरगंज रेंज में दहशत का कारण बने भेड़ियों पर वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। बीते 24 घंटे में वन विभाग को दूसरी बड़ी सफलता मिली है। भागते हुए एक भेड़िये को शूटरों ने मार गिराया, जिससे इलाके के लोगों ने राहत महसूस की है।
अब तक कुल आठ भेड़ियों को ढेर किया जा चुका है। राहत की बात यह है कि पिछले आठ दिनों से किसी भी तरह के भेड़िया हमले की सूचना नहीं मिली है। इससे ग्रामीणों में डर का माहौल काफी हद तक कम हुआ है।
मंगलवार को फखरपुर क्षेत्र के बिरजा पकड़िया गांव में वन विभाग की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान एक भेड़िया नजर आया। टीम ने उसे घेरकर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा। हालात को देखते हुए टीम में शामिल शूटरों ने उसे गोली मारकर ढेर कर दिया।
वन विभाग की टीम को 24 घंटे के भीतर यह दूसरी सफलता मिली है। इससे पहले भी इसी गांव में एक भेड़िया मार गिराया गया था। मारे गए भेड़िये के शव को कब्जे में लेकर प्रभागीय कार्यालय भेजा गया है, जहां बुधवार को डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा।
बहराइच के डीएफओ रामसिंह यादव ने बताया कि मंगलवार को मारी गई भेड़िया मादा थी, जिसकी उम्र लगभग साढ़े तीन साल आंकी गई है। उन्होंने कहा कि अब तक आठ भेड़ियों को मार गिराया जा चुका है और उम्मीद है कि अब क्षेत्र में हो रहे हमलों पर पूरी तरह रोक लगेगी।