'टोटल धमाल' से बेहतर या क्रिंज कॉमेडी? सिनेमाघरों में रिलीज हुई अजय देवगन की 'धमाल 4'
बॉलीवुड के सिंघम यानी अजय देवगन और डायरेक्टर इंद्र कुमार की सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी 'धमाल 4' (Dhamaal 4) आखिरकार शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी उत्सुकता देखी जा रही थी। पहला शो खत्म होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर दर्शकों और क्रिटिक्स की शुरुआती प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। 'धमाल 4' को लेकर दर्शकों का मिला-जुला रिस्पॉन्स देखने को मिल रहा है। जहां कुछ लोग फिल्म की स्लैपस्टिक कॉमेडी की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ ने फिल्म के कमजोर लेखन और खराब एआई-जनरेटेड विजुअल्स (AI-Generated Visuals) की आलोचना भी की है।
खजाने की खोज में फिर निकली ओजी चौकड़ी: स्लैपस्टिक ह्यूमर का डबल डोज
इस फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी की ओरिजिनल (OG) चौकड़ी ने बड़े पर्दे पर वापसी की है। 'धमाल' की इस चौथी किस्त में यह एडवेंचर टीम 'ट्रेजर ऑफ लाइफ' (जिंदगी के खजाने) की तलाश में निकलती है। हमेशा की तरह खजाने को पाने की यह रेस कई मजेदार और उथल-पुथल भरी घटनाओं में बदल जाती है। फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है। दर्शकों के अनुसार, कलाकारों की कॉमिक टाइमिंग कमाल की है, लेकिन फिल्म की कमजोर स्क्रिप्ट और लाउड डायलॉग्स ने कई जगह मजा किरकिरा किया है।
फिल्म देखने के बाद दर्शकों ने एक्स (X) पर क्या कहा?
फिल्म का पहला शो खत्म होते ही सोशल मीडिया पर रिव्यूज की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा, "हमेशा की तरह अजय देवगन ने महफिल लूट ली है, खासकर फिल्म 'इश्क' के 'राम-राम' वाले आइकॉनिक सीन को रीक्रिएट करने वाला हिस्सा लाजवाब है। रितेश देशमुख के हिस्से कई बेहतरीन कॉमेडी सीन्स आए हैं। वहीं आदि और मानव के रोल में अरशद वारसी और जावेद जाफरी ने हमेशा की तरह रॉक कर दिया है। यह एक कंपलीट फैमिली एंटरटेनर है, जिसे बच्चों के साथ 4DX में देखने पर ज्यादा मजा आएगा।"
वहीं, फिल्म के फर्स्ट हाफ और सेकंड हाफ की तुलना करते हुए एक अन्य यूजर ने लिखा, "फिल्म का पहला हिस्सा काफी मजेदार है, लेकिन सेकंड हाफ में कहानी थोड़ी धीमी हो जाती है। खजाना खोजने वाला हिस्सा थोड़ा बोरिंग लगा, लेकिन आखिरी के इमोशनल सीन्स दिल को छू जाते हैं और फिल्म को एक अच्छा बैलेंस देते हैं। मेरी तरफ से इसे 3/5 स्टार।"
'क्रिज जोक्स' और 'खराब एआई' (AI) के इस्तेमाल पर भड़के यूजर्स
फिल्म को जहां एक तरफ तारीफ मिल रही है, वहीं कुछ दर्शक इसके क्रिंज कंटेंट से खासे नाराज दिखे। एक यूजर ने इंटरवल रिव्यू शेयर करते हुए लिखा, "फिल्म अब तक तो ठीक-ठाक है, लेकिन कुछ जोक्स बेहद क्रिंज हैं। कलाकारों ने अच्छा काम किया है पर बैकग्राउंड म्यूजिक साधारण है। फिल्म के शुरुआती सीन्स में खराब एआई (AI) टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जो बहुत नकली और अजीब लगता है।"
एक अन्य सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने तो यहां तक लिख दिया, "फिल्म में इतनी ज्यादा चीख-पुकार (Screaming) है कि इसे देखते-देखते बच्चे भी चिड़चिड़े और बोर हो सकते हैं।" इसके बावजूद, कई दर्शकों का मानना है कि 'धमाल 4' अपनी पिछली फिल्म 'टोटल धमाल' और हालिया चर्चा में रही 'सन ऑफ सरदार 2' से लाख गुना बेहतर है और इसे एक बार थिएटर्स में दोस्तों के साथ एन्जॉय किया जा सकता है।
रवि किशन और संजीदा शेख ने भी जीता दिल
कमजोर राइटिंग के बावजूद कलाकारों के अभिनय ने फिल्म की नैया पार लगाने का काम किया है। मुख्य चौकड़ी के अलावा फिल्म में रवि किशन, संजीदा शेख और ईशा गुप्ता भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं। रवि किशन की देसी कॉमिक टाइमिंग को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। गौरतलब है कि 'धमाल' फ्रेंचाइजी की अब तक तीन फिल्में (धमाल, डबल धमाल और टोटल धमाल) रिलीज हो चुकी हैं और यह चौथी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 'वेलकम टू द जंगल' जैसी बड़ी फिल्मों को टक्कर देने के लिए तैयार है।