‘कयामत तक नहीं बन पाएगी बाबरी’, बाराबंकी में सीएम योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी जिले के टिकैतनगर स्थित दुल्हदेपुर कुटी में आयोजित दशम श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्रीरामार्चा पूजन कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने यज्ञ मंडप में आहुति दी और संत बलराम दास ने उन्हें मखाने व लावा की माला पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “कयामत तक बाबरी नहीं बन पाएगी”, यह स्पष्ट संदेश है कि अब देश और प्रदेश में कानून के अनुसार ही फैसले होते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सनातन संस्कृति एक-दूसरे के पूरक हैं, लेकिन आज सनातन पर लगातार प्रहार किए जा रहे हैं, ऐसे में समाज को सजग और सतर्क रहने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में हालात बेहद खराब थे। हर चौथे दिन शहरों में कर्फ्यू लगाना पड़ता था और पर्व-त्योहार शांति से नहीं मनाए जा सकते थे। लेकिन अब प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अराजकता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग प्रदेश और देश के विकास से खुश नहीं हैं और वही साजिशें रच रहे हैं, लेकिन अब उत्तर प्रदेश विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में एक करोड़ 16 लाख परिवारों को सालाना पेंशन दी जा रही है, 15 से 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है और पांच करोड़ 46 लाख लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बाराबंकी को विकास प्राधिकरण देने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में बाराबंकी और अयोध्या सहित कई जिलों के संत-महंत, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। गोंडा, बलरामपुर, सुल्तानपुर, श्रावस्ती और बहराइच से भी श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे। आयोजन के दौरान 79 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी संपन्न हुआ, जिन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आशीर्वाद दिया।