आजम खां की रिहाई और सरकार की सियासी चुनौती, राकेश टिकैत का बयान
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-24 17:01:00
India News Live,Digital Desk : भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि 23 महीने बाद आजम खां जेल से बाहर आए हैं। उन्होंने चेताया कि भाजपा सरकार उनके खिलाफ फिर से मामले दर्ज कर सकती है। टिकैत ने कहा कि “यह सरकार काफी खतरनाक है। सरकार चाहती है कि आजम खां जेल में रहें, जबकि विपक्ष चाहता है कि वह बाहर रहें। लेकिन बाहर रहने पर उनसे कुछ ऐसा बोलवा लिया जाएगा कि फिर उन्हें जेल जाना पड़ सकता है। इसलिए कभी-कभी जेल में रहना ही सुरक्षित विकल्प लगता है।”
राकेश टिकैत ने आजम खां को भी संयम बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “आजम खां को ऐसी कोई बात नहीं करनी चाहिए जिससे सरकार को उन पर कार्रवाई का मौका मिल सके। संयम ही सबसे बड़ा हथियार है।”
किसानों की समस्याओं पर संघर्ष जारी
राकेश टिकैत ने मुरादाबाद में अंबेडकर पार्क में आयोजित जनसभा में किसानों की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से गन्ने का भुगतान समय पर करने की मांग की ताकि किसानों के बच्चे पढ़-लिख सकें और बेहतर जीवन व्यतीत कर सकें।
टिकैत ने कहा कि किसान विकास के लिए अपनी जमीन देने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए सर्किल रेट बढ़ाए जाने चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को किसानों के हितों को हमेशा प्राथमिकता देनी चाहिए, वरना संघर्ष और तेज होगा।