UP International Trade Show 2025 : योगी के नेतृत्व में अंत्योदय से राष्ट्रोदय की दिशा

Post

India News Live,Digital Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2025) के तीसरे संस्करण के उद्घाटन पर पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल ने 70 साल पहले समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के लिए नया दृष्टिकोण दिया था।

योगी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो केवल एक व्यापार मेला नहीं है, बल्कि यह अंत्योदय से राष्ट्रोदय तक की यात्रा को दर्शाने का अवसर है। यह आयोजन आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, और मेक फॉर द वर्ल्ड के प्रधानमंत्री मोदी के विजन का एक स्वरूप भी है। इस वर्ष 80 देशों के 532 से अधिक विदेशी बायर्स और यूपी के 75 जिलों से 2250 से ज्यादा एग्जीबिटर्स इस मंच का हिस्सा बने हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले आठ-साढ़े आठ वर्षों में यूपी की औद्योगिक क्रांति और परंपरागत उद्यमों को नया जीवनदान मिला है। यह ट्रेड शो यूपी की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने का बेहतरीन प्लेटफॉर्म है।

नए भारत और विकसित यूपी की ओर कदम

योगी ने पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन नए भारत और विकसित यूपी को आगे बढ़ाने में सहायक होगा। उन्होंने फिरोजाबाद के शिल्पियों द्वारा बनाई गई मां दुर्गा की प्रतिमा प्रधानमंत्री को भेंट की और रूस सहित विदेशी बायर्स का स्वागत किया।

सीएम ने बताया कि अपैरल, टेक्सटाइल, लेदर प्रोडक्ट, हस्तशिल्प और कॉरपेट्स में यूपी देश में अग्रणी है। उन्होंने नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स की सफलता और मार्केट में चार दिन के भीतर आई नई जीवंतता का जिक्र किया। इससे गरीब, किसान, महिला, युवा, व्यापारी और छोटे उद्योगों को फायदा मिला और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए।

युवा उद्यमियों को नया जीवनदान

योगी ने बताया कि सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत एक साल से कम समय में 90 हजार से अधिक युवाओं ने इसका लाभ लिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने 10 साल पहले कहा था कि युवा अब नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि नौकरी बनाने वाले बनें। इस दिशा में स्टार्टअप, स्टैंडअप, इंटर्नशिप योजनाएं मददगार साबित हुई हैं।

कारीगर और हस्तशिल्पियों का उत्थान

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम ने परंपरागत कारीगरों और हस्तशिल्पियों के उत्थान के लिए विश्वकर्मा योजना शुरू की है। यूपी सरकार की ODOP योजना के तहत चार लाख से अधिक कारीगरों को ट्रेनिंग दी गई और उन्हें नए बाजार उपलब्ध कराए गए।

यूपी: देश का जीआई कैपिटल

योगी ने कहा कि 77 जीआई उत्पादों के साथ यूपी देश का शीर्ष जीआई कैपिटल बन गया है। इस वर्ष 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन किए जाएंगे। ट्रेड शो में स्टार्टअप, ओडीओपी, महिला उद्यमी, आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और कौशल विकास के उत्पाद और प्रयास प्रदर्शित किए गए।

रोजगार और निवेश के नए अवसर

प्रधानमंत्री मोदी ने फरवरी 2023 में UP Global Investors Summit का शुभारंभ किया था। इस कार्यक्रम में 40 लाख करोड़ का निवेश प्रस्ताव यूपी को मिला, जिनमें से 12 लाख करोड़ से अधिक का धरातल पर उतरना शुरू हो चुका है।
सीएम ने बताया कि यूपी में MSME सेक्टर को मजबूत किया गया है और दो करोड़ से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। प्रदेश आईटी, सेमी कंडक्टर, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का ग्लोबल हब बन रहा है।

बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश आकर्षण

योगी ने कहा कि रोड, एयर, रेल और वाटर कनेक्टिविटी में यूपी अग्रणी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत है और स्वदेशी साधनों का बेहतर उपयोग किया जा रहा है। इंडस्ट्री, अकादमी, रिसर्च व समाज के सभी अंग मिलकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर कई मंत्री और सांसद भी मौजूद रहे।