Attack on Hindu faith : चित्तौड़गढ़ में शिव मंदिर में तोड़फोड़, लोगों का सड़क पर फूटा गुस्सा

Post

India News Live,Digital Desk : राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले की बड़ी सादड़ी तहसील के डूंगला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक निर्माणाधीन शिव मंदिर को निशाना बनाया गया। भानाखेड़ी मार्ग पर स्थित इस मंदिर में अज्ञात शरारती तत्वों ने शिवलिंग को खंडित कर दिया और पिलर तोड़ दिए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होते ही इलाके में आक्रोश फैल गया।

गुस्साए लोगों ने डूंगला बस स्टैंड के पास विरोध प्रदर्शन करते हुए उदयपुर रोड को सुबह करीब 9:30 बजे जाम कर दिया। विरोध स्वरूप टायर जलाए गए और तीन ठेलों में आग लगा दी गई। प्रदर्शन करीब पांच घंटे तक चला, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

स्थिति को संभालने के लिए जिला कलेक्टर आलोक रंजन, एसपी और डूंगला डीएसपी देशराज कुलदीप भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पास के थानों से भी अतिरिक्त जाब्ता बुलाया गया। दोपहर 1:30 बजे के आसपास प्रशासन की समझाइश और कड़ी निगरानी के बाद जाम हटाया गया और लोगों को शांत किया गया।

डीएसपी देशराज ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ चल रही है। मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि धार्मिक आस्था के केंद्रों को निशाना बनाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।