अपर्णा यादव ने तोड़ी चुप्पी: सपा का झंडा जलाने पर दी सफाई, अखिलेश के 'परिवार' वाले बयान पर दिया दोटूक जवाब

Post

India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों अपर्णा यादव और उनके द्वारा समाजवादी पार्टी का झंडा जलाए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। बीजेपी नेता और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह कदम किसी व्यक्ति विशेष या परिवार के खिलाफ नहीं, बल्कि एक विचारधारा और महिलाओं के हक को रोकने वाली ताकतों के खिलाफ एक आक्रोश था।

"नारी शक्ति अधिनियम को रोकना महिलाओं का अपमान": अपर्णा यादव

लखनऊ में विधानसभा के सामने सपा और कांग्रेस का झंडा जलाए जाने के मामले में अपर्णा यादव ने कहा कि यह कदम नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर उपजे आक्रोश का परिणाम था। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "नारी शक्ति अधिनियम पास नहीं हुआ, इसे लेकर महिलाओं में जबरदस्त गुस्सा है। हमने उसी आक्रोश को प्रकट किया है। विपक्षी दल केवल दिखावा करते हैं, वे कभी नहीं चाहते कि सामान्य परिवारों की महिलाएं संसद तक पहुंचें। यह किसी व्यक्ति विशेष के प्रति नहीं, बल्कि उस सोच के प्रति विरोध था जिसने इस ऐतिहासिक कदम को रोकने की कोशिश की।"

अखिलेश के 'परिवार' वाले बयान पर दिया इमोशनल जवाब

जब अपर्णा यादव से पूछा गया कि वह अखिलेश यादव के परिवार का हिस्सा हैं, फिर भी ऐसा कदम उठाया, तो उन्होंने बड़ी शालीनता से जवाब दिया। अपर्णा ने कहा, "हम बिल्कुल परिवार के हैं और यह हकीकत कोई बदल नहीं सकता। लेकिन परिवार अपनी जगह है और विचारधारा अपनी जगह। जो चीज गलत है, उसे गलत कहना और बताना भी जरूरी है, वरना समाज में चीजें कभी सही नहीं होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण के लिए जो गंभीर प्रयास किए, उसे कलंकित करना नारी शक्ति का अपमान है।"

गोरखपुर में महिला सुरक्षा पर भरी हुंकार

अपर्णा यादव शुक्रवार को गोरखपुर के विकास भवन में महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान के साथ एक कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर सरकार की योजनाओं की समीक्षा की। आयोग की अध्यक्ष डॉ. चौहान ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि आयोग 24 घंटे उनकी सुरक्षा के लिए सक्रिय है। महिलाएं बिना किसी डर के ई-मेल, व्हाट्सएप या टोल-फ्री नंबर के जरिए अपनी समस्याएं साझा कर सकती हैं।

विपक्ष पर साधा निशाना: "केवल परिवारवाद को बढ़ा रहे आगे"

सपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अपर्णा ने आरोप लगाया कि ये दल महिला आरक्षण के मुद्दे पर दोहरा मापदंड अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल अपने परिवारवाद को सुरक्षित रखने में लगा है। गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात विधानसभा के सामने अपर्णा ने अपने समर्थकों के साथ जमकर नारेबाजी की थी और विपक्षी दलों के झंडे जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया था। इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी के खेमे में काफी आक्रोश देखा जा रहा है और कानूनी कार्रवाई की मांग भी की जा रही है।