अखिलेश यादव का योगी पर तीखा हमला, ‘कालनेमि’ पर उठाए सवाल
- by Priyanka Tiwari
- 2026-01-25 02:22:00
India News Live,Digital Desk : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को बिना नाम लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री के कालनेमि शब्द के प्रयोग के बाद सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि शंकराचार्य जी ने नकली सनातनियों की पोल खोल दी है। अखिलेश ने पूछा कि “कालनेमि को खोजने वाले बताएं कि कलियुग का कालनेमि कौन है? कौन जनता को धोखा दे रहा है?”
एसआइआर और वीडियो विवाद पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षरण (एसआइआर) पर भी प्रश्न उठाए। उन्होंने कहा कि नमस्ते न करने वाला वीडियो, डिप्टी सीएम के पीछे कुर्सी पर बैठने वाला वीडियो और एक पूज्य महा-व्यक्तित्व को अवांछनीय उपमा देने वाला वीडियो एआई जेनरेटेड हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार इनकी जांच उसी एआई लैब से कराएगी, जिससे काशी घाट के ध्वस्तीकरण के झूठे वीडियो की जांच करवाई गई थी।
चुनाव और वोटर सूची पर आरोप
अखिलेश ने कन्नौज के 200 डबल वोटरों की सूची दिखाकर भाजपा पर फर्जी वोट बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को तकनीकी एक्सपर्ट भेजने चाहिए और कार्यकर्ताओं को जांच के लिए प्रशिक्षण देना चाहिए। एक ही घर में हिंदू-मुसलमान वोटर नामों का उल्लेख करते हुए उन्होंने तंज कसा कि “वोटर लिस्ट तो सेकुलर हो गई है।”
केजीएमयू मजार, नोएडा हादसा और ग्रीन कारीडोर पर टिप्पणी
सपा प्रमुख ने कहा कि केजीएमयू से मजार हटाने पर सरकार को कदम उठाना चाहिए क्योंकि इसे क्रिश्चियन ने बनाया था। नोएडा हादसे में इंजीनियर की मृत्यु का कारण डायल-100 की व्यवस्था में लापरवाही बताई। लखनऊ में बन रहे ग्रीन कारीडोर की डिज़ाइन को भी गलत बताया।
गायों की संख्या और ठेके पर आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर गायों की संख्या बढ़ाने और गाय के दूध की कीमत बढ़ाने की योजना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में कई हजार करोड़ के ठेके कुछ लोगों में बांटे जा रहे हैं।
भाजपा पर जनगणना और जुमला का आरोप
सपा प्रमुख ने जनगणना अधिसूचना का जिक्र करते हुए कहा कि जाति का कॉलम तक नहीं है। जातिगत जनगणना भाजपा का जुमला है और यह समाज के खिलाफ साजिश है। उन्होंने लिखा कि अब विरोध होगा तो ‘छलजीवी भाजपा’ कहेगी ये टाइपिंग मिस्टेक थी। अखिलेश ने कहा कि शब्दकोष में ‘वचन-विमुखी’ भाजपा का मतलब ‘धोखा’ लिख दिया जाना चाहिए।