BREAKING:
July 22 2026 04:48 pm

370 Biryani Controversy: विवाद के बाद प्रणित मोरे का पहला वीडियो आया सामने, भावुक होकर बोले– 'यह नफरत मैं डिजर्व करता हूं, मुझसे बड़ी गलती हुई'

Post

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे (Pranit More) के एक शो का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे इंटरनेट पर '370 रुपये बिरयानी विवाद' के नाम से जाना जा रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही प्रणित को नेटिजन्स के भारी गुस्से और हेट कमेंट्स का सामना करना पड़ रहा था। अब इस पूरे विवाद के बढ़ने और कानूनी पचड़े में फंसने के बाद प्रणित मोरे ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पहला वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में प्रणित काफी परेशान और भावुक नजर आ रहे हैं। उन्होंने देश की जनता से हाथ जोड़कर माफी मांगी है और अपनी गलती स्वीकार की है।

इंस्टाग्राम सस्पेंड होने की वजह से सामने आने में हुई देरी

प्रणित मोरे ने वीडियो की शुरुआत में अपनी खामोशी की वजह साफ करते हुए बताया कि विवाद बढ़ने के बाद उनका आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड (Suspend) कर दिया गया था, जिसकी वजह से वह अपनी बात सामने नहीं रख पा रहे थे। उन्होंने कहा, "यह बात मुझे काफी समय पहले ही आप लोगों से कहनी थी, लेकिन मेरा अकाउंट चालू नहीं था। आप सबने मेरे क्राउड वर्क का वह वीडियो देखा होगा, जिसके लिए मुझे लगातार नफरत मिल रही है। आज मुझे सच में ऐसा महसूस होता है कि यह नफरत मैं बिल्कुल डिजर्व करता हूं।"

बहक गया था और जजमेंट लेने में भूल हुई: प्रणित

अपनी गलती पर खुलकर बात करते हुए प्रणित ने वीडियो में कहा, "जब मैं स्टेज पर क्राउड वर्क (दर्शक से बातचीत) कर रहा था, तो सामने बैठे उस लड़के ने कुछ बेहद आपत्तिजनक और अश्लील बातें बोलीं। उस वक्त हॉल में मौजूद सभी लोग उसकी बात पर हंस रहे थे। दर्शकों का वह रिएक्शन देखकर एक एंटरटेनर के तौर पर मैं भी भावनाओं में बह गया और मुझसे सही जजमेंट लेने में बहुत बड़ी चूक हो गई। यह मेरी लाइफ की सबसे बड़ी गलती है।"

कानूनी कार्रवाई में पुलिस और प्रशासन का कर रहे हैं पूरा सहयोग

प्रणित ने आगे कहा कि वह चाहते तो उस लड़के को स्टेज से ही रोक सकते थे और एक सही स्टैंड ले सकते थे, लेकिन वह ऐसा करने में नाकाम रहे। उन्होंने कहा, "मैंने उस गलत बात को आगे बढ़ाने के लिए एक प्लेटफॉर्म दे दिया, जिसकी वजह से मामला इतना गंभीर हो गया। मैं उन सभी लोगों से दिल से माफी मांगता हूं जिनकी भावनाओं को इससे ठेस पहुंची है।" इसके साथ ही प्रणित ने साफ किया कि इस मामले को लेकर उनके खिलाफ जो भी कानूनी शिकायतें या पुलिस एक्शन (Legal Action) लिए जा रहे हैं, वह अधिकारियों के साथ पूरी तरह से को-ऑपरेट कर रहे हैं। उन्होंने दर्शकों से एक और मौका देने की अपील की है।

किश्वर मर्चेंट और कुनिका सदानंद ने बढ़ाया हौसला

प्रणित के इस माफीनामे वाले वीडियो के सामने आने के बाद एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों ने उन पर भरोसा जताया है। मशहूर टीवी एक्ट्रेस किश्वर मर्चेंट ने कमेंट करते हुए लिखा, "मुझे पूरा यकीन है कि लोग आपको जरूर माफ कर देंगे। बस आगे से अपने कंटेंट और लाइव क्राउडवर्क को लेकर बहुत ज्यादा सावधान रहिएगा। मजबूत बने रहिए।"

वहीं, रियलिटी शो बिग बॉस में प्रणित की को-कंटेस्टेंट रहीं कुनिका सदानंद ने भी उनका सपोर्ट किया। कुनिका ने लिखा, “गलतियां हर इंसान से होती हैं, लेकिन अपनी गलती को कैमरे के सामने आकर स्वीकार करने की हिम्मत हर किसी में नहीं होती। प्रणित, तुम अच्छे संस्कारों वाले एक बेहतरीन लड़के हो। मैंने हमेशा कहा है कि रोस्टिंग और लाइव क्राउड वर्क के दौरान जब दर्शक हंस रहे होते हैं, तो कलाकार अक्सर बह जाते हैं। उम्मीद है कि लोग तुम्हें माफ करेंगे।”