Winter wreaks havoc across the country : शीतलहर और कोहरे ने बढ़ाई ठिठुरन, कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट
India News Live,Digital Desk : दिसंबर का महीना आते ही देश के अधिकांश हिस्से ठंड की चपेट में आ गए हैं। ठंडी हवाओं और शीतलहर के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों में यह 12 दिसंबर तक महसूस की जा सकती है।
घना कोहरा और शीतलहर
हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम और मणिपुर में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तर-पूर्वी राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
13 दिसंबर से ठंड और तेज होने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय से लगे राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल सकती है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम फिलहाल शुष्क है, जिससे ठंड काफी बढ़ गई है। पाला और शीतलहर के कारण पहाड़ी इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। 13 दिसंबर के बाद इन राज्यों में बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
दिल्ली और एनसीआर में ठंड का असर
पहाड़ी राज्यों में शीतलहर का प्रभाव दिल्ली एनसीआर पर भी देखने को मिल सकता है। ठंडी हवाओं के चलते राजधानी के कई इलाकों में ठिठुरन बढ़ेगी। दिल्ली में हल्का धुंध और कोहरा रहेगा, और न्यूनतम तापमान लगभग 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार
पूर्वी उत्तर प्रदेश में शीतलहर के कारण ठंड अचानक बढ़ गई है। तराई क्षेत्र में सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। वहीं, शीतलहर के कारण गलन और ठिठुरन महसूस हो सकती है।
बिहार में पछुआ हवा चल रही है, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ गया है। पटना और आसपास के जिलों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। अगले 48 घंटे तक बिहार में 15-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
तीन राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आज भारी बारिश की संभावना जताई है। इन राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।