Rahul Gandhi's Germany visit : BJP और कांग्रेस में संसद सत्र के दौरान तीखी बहस
- by Priyanka Tiwari
- 2025-12-10 14:59:00
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : लोकसभा के शीतकालीन सत्र के बीच विपक्ष के नेता राहुल गांधी जर्मनी जाने वाले हैं। उनके इस दौरे को लेकर सत्ताधारी भाजपा ने उन्हें निशाने पर लिया और मज़ाक में “पर्यटन वाला नेता” कह डाला।
भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी विदेश यात्रा के लिए अपने संसदीय कर्तव्यों की उपेक्षा कर रहे हैं। इसके जवाब में कांग्रेस ने पलटवार किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का हवाला दिया।
राहुल गांधी बर्लिन जाएंगे
राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बर्लिन जाएंगे। वहीं, संसद का मौजूदा शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर को समाप्त होने वाला है।
भाजपा ने किया हमला
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि LoP का मतलब “लीडर ऑफ पर्यटन” और “लीडर ऑफ पार्टीइंग” है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी एक गैर-गंभीर राजनेता हैं। लोग काम के मूड में हैं, वह हमेशा छुट्टियों के मूड में रहते हैं। बिहार चुनावों के दौरान वह जंगल सफारी पर थे। उनकी प्राथमिकताएं साफ हैं। हो सकता है कि वह सिर्फ भारत के खिलाफ जहर उगलने जा रहे हों।”
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी कहा कि जब संसद चल रही होती है, राहुल गांधी विदेश में समय बिताते हैं और बाद में कहते हैं कि उन्हें बोलने का मौका नहीं मिलता। उन्होंने उन्हें “पार्ट-टाइम, गैर-गंभीर राजनीतिक नेता” बताया।
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस सीनियर नेता और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी ने भाजपा के हमलों का जवाब दिया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदीजी अपना लगभग आधा कामकाजी समय देश के बाहर बिताते हैं। फिर विपक्ष के नेता के विदेश दौरे पर सवाल क्यों उठाया जा रहा है?”
लोकसभा में विपक्ष के उप-नेता गौरव गोगोई ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री के पास राहुल गांधी द्वारा उठाए गए चुनावी सवालों का कोई जवाब नहीं है। “जब उनके पास जवाब नहीं होता, तो उन्हें बदनाम करने के अलावा कोई चारा नहीं बचता।”