क्या टीवी कलाकारों को भी मिलेगा नेशनल सम्मान? रवि किशन ने उठाई टेलीविजन अवॉर्ड की मांग

Post

India News Live,Digital Desk : नेशनल फिल्म अवॉर्ड किसी भी कलाकार के करियर का सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है। अब तक यह सम्मान केवल फिल्मों से जुड़े कलाकारों तक सीमित रहा है, लेकिन टेलीविजन इंडस्ट्री में सालों से काम कर रहे कलाकारों के लिए यह सवाल लंबे समय से उठता रहा है। अब इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया है अभिनेता और सांसद रवि किशन ने।

टेलीविजन के लिए अलग कैटेगरी की मांग

रवि किशन ने टेलीविजन शोज को भी नेशनल अवॉर्ड्स में शामिल करने की मांग का समर्थन किया है। हाल ही में टीवी प्रोड्यूसर बिनाइफर कोहली ने इस दिशा में पहल की थी। रवि किशन का कहना है कि टीवी इंडस्ट्री में भी बेहतरीन अभिनय, लेखन और निर्देशन देखने को मिलता है, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलनी चाहिए।

मंत्रालय को लिखेंगे प्रस्ताव

अपनी आने वाली फिल्म ‘भाभीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान रवि किशन ने साफ किया कि वह इस मुद्दे को सिर्फ बयान तक सीमित नहीं रखेंगे। उन्होंने कहा कि वह सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर टेलीविजन के लिए नेशनल अवॉर्ड कैटेगरी शुरू करने का प्रस्ताव रखेंगे।

उनके मुताबिक, इससे टीवी पर बनने वाले कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर होगी और कलाकारों के काम को नई पहचान मिलेगी। यह पहल अलग-अलग क्षेत्रीय भाषाओं के शोज के लिए भी लागू की जा सकती है।

बेहतर कहानियों को मिलेगा बढ़ावा

रवि किशन का मानना है कि टीवी के लिए नेशनल लेवल का सम्मान मिलने से इतिहास, संस्कृति और सामाजिक मुद्दों पर आधारित बेहतर कहानियां सामने आएंगी। उन्होंने सुझाव दिया कि यह अवॉर्ड या तो अलग समारोह के रूप में दिया जाए या मौजूदा नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में ही शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा, “देश में टीवी के लिए कई अवॉर्ड मौजूद हैं, लेकिन नेशनल अवॉर्ड की पहचान अलग होती है।”

तीन दशकों से ज्यादा का अनुभव

करीब 35 सालों से टेलीविजन, सिनेमा और रियलिटी शोज में सक्रिय रवि किशन का कहना है कि वह इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे। हाल ही में संसद रत्न अवॉर्ड और फिल्म लापता लेडीज के लिए मिले सम्मान के बाद उनका कहना है कि यह उनके करियर का सबसे संतुलित और मजबूत दौर है, जहां वह एक्टिंग और राजनीति दोनों को साथ लेकर चल रहे हैं।

वर्कफ्रंट पर भी व्यस्त

रवि किशन आने वाले समय में ओटीटी सीरीज ममला लीगल है के दूसरे सीजन, भाभीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन, धमाल 4 और मिर्जापुर: द फिल्म में नजर आएंगे।