June 22 2026 09:06 pm

क्या हीरो बनने के लिए 6 पैक एब्स हैं जरूरी? दिग्गज एक्टर राहुल देव ने खोली इस कड़वे सच की पोल

Post

बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा में पिछले कुछ सालों से मस्कुलर बॉडी और परफेक्ट फिजीक का एक जबरदस्त ट्रेंड चल पड़ा है. आज के दौर में यह आम मानसिकता बन चुकी है कि अगर किसी को पर्दे पर हीरो बनना है, तो उसके पास 6 पैक एब्स, चौड़ी छाती और अच्छी-खासी हाइट होनी ही चाहिए. कई बार तो फिल्म मेकर्स और दर्शक भी बिना मस्कुलर बॉडी वाले एक्टर्स को मुख्य भूमिका में स्वीकार करने से कतराते हैं. लेकिन क्या वाकई एक बेहतरीन एक्टर बनने के लिए सिक्स पैक एब्स की जरूरत होती है? इस अहम सवाल पर बॉलीवुड और साउथ फिल्मों के मशहूर अभिनेता राहुल देव (Rahul Dev) ने खुलकर बात की है और नए कलाकारों को एक बेहद जरूरी सलाह दी है.

बिल्कुल जरूरी नहीं है मस्कुलर बॉडी, शीशे के सामने करें ये काम

अपनी शानदार फिटनेस और मस्कुलर बॉडी के लिए पहचाने जाने वाले एक्टर राहुल देव ने इस कड़वे सच से पर्दा उठाया है. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, "आजकल फिल्म इंडस्ट्री में एक ऐसी सोच बन गई है कि अगर आप एक्टर हैं, तो आपके पास सिक्स पैक एब्स होने ही चाहिए. लोग मान लेते हैं कि अगर मस्कुलर बॉडी नहीं है, तो आप एक ट्रेंड या अच्छे एक्टर नहीं हैं."

राहुल देव ने इस धारणा को पूरी तरह खारिज करते हुए नए कलाकारों (Newcomer Actors) से कहा, "भाई! एक्टर बनने के लिए बॉडी होना बिल्कुल भी जरूरी नहीं है. मैं तो संघर्ष कर रहे नए लड़कों से हमेशा यही कहता हूं कि जिम में घंटों पसीना बहाने के बजाय जाओ और अपने सीन्स को पढ़ो. शीशे के सामने खड़े होकर एक्टिंग और डायलॉग्स की प्रैक्टिस करो, वो ज्यादा काम आएगी."

नवाजुद्दीन सिद्दीकी और पंकज त्रिपाठी का दिया बड़ा उदाहरण

स्ट्रगलिंग एक्टर्स को सही रास्ता दिखाते हुए राहुल देव ने बॉलीवुड के कुछ बेहतरीन और संजीदा कलाकारों का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा, "अगर आपको वाकई एक सच्चा कलाकार बनना है, तो अपनी कला को सुधारिए, कविताएं पढ़िए. सिर्फ सिक्स पैक एब्स बनाने पर अपना पूरा फोकस मत रखिए. अब हमारे नवाज भाई (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) को ही देख लीजिए, उनके पास कोई सिक्स पैक एब्स नहीं हैं, लेकिन मुझे लगता है कि उनसे बड़ा और दमदार एक्टर कोई दूसरा नहीं है. अपनी कला और एक्टिंग पर उनका जो कंट्रोल है, वो अद्भुत है."

इसके साथ ही उन्होंने मनोज बाजपेयी और पंकज त्रिपाठी जैसे दिग्गज अभिनेताओं का नाम लेते हुए कहा कि इन एक्टर्स के पास कोई बहुत मस्कुलर बॉडी नहीं है. ये दिखने में बेहद साधारण और जमीन से जुड़े इंसान लगते हैं, लेकिन जब ये कैमरे के सामने आते हैं, तो अपनी कमाल की एक्टिंग से सबका दिल जीत लेते हैं.

मैगजीन्स और विज्ञापनों के बाजार ने खड़ा किया है ये ट्रेंड

इंटरव्यू के दौरान राहुल देव ने मस्कुलर एक्टर्स को मिलने वाली ज्यादा तवज्जो पर भी अपनी बेबाक राय रखी. उन्होंने कहा, “अगर एक अच्छा, हैंडसम दिखने वाला आदमी सिक्स पैक एब्स के साथ सामने आता है, तो मैगजीन्स और एडवर्टाइजर्स (विज्ञापनों) को वह काफी पसंद आता है. यह केवल मार्केटिंग का एक हिस्सा है. सच तो यह है कि दर्शकों और इस बाजार ने ही उन्हें इस रूप में हीरो बना दिया है, जबकि असल मायने में हीरो वो है जिसकी एक्टिंग में दम हो.”