BREAKING:
May 03 2026 03:09 pm

UP Board Exams 2026 : संभल जिले में 69 परीक्षा केंद्र तय, डीएम ने सुविधाओं की गुणवत्ता पर कसा शिकंजा

Post

India News Live,Digital Desk : संभल जिले में वर्ष 2026 की यूपी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा केंद्रों, व्यवस्थाओं और संसाधनों की गुणवत्ता का विस्तृत समीक्षा की। जिले में कुल 69 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटर के छात्र-छात्राएँ परीक्षा देंगे।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सर्वेश कुमार ने तहसीलवार परीक्षा केंद्रों का पूरा विवरण प्रस्तुत किया।
तहसील संभल में 36 परीक्षा केंद्र, जिनमें राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं।
तहसील चंदौसी में 19 केंद्र, जबकि गुन्नौर तहसील में 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए 51,432 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं—जिनमें 27,786 हाईस्कूल और 23,646 इंटरमीडिएट के छात्र शामिल हैं।

बैठक के दौरान डीएम ने परीक्षा केंद्र आवंटन से जुड़ी आपत्तियों के निस्तारण की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी केंद्र पर भौतिक सुविधाओं की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां पहले परीक्षा आयोजित की गई थी, उन केंद्रों पर संसाधनों की गुणवत्ता का मूल्यांकन कर सुधार किए जाएँ।

डीएम ने विशेष रूप से बैठने की व्यवस्था, साफ पेयजल, शौचालय, सुरक्षा, प्रकाश, और यातायात की आसान व्यवस्था जैसे मानकों पर जोर दिया, ताकि छात्रों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

बैठक में एसडीएम संभल रामानुज, एसडीएम गुन्नौर अवधेश कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात दीपक तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी एमएल पटेल और कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।