Trump's sharp attack on India : बढ़ेगा टैरिफ, लेकिन भारत ने दिया करारा जवाब
India News Live,Digital Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों के बावजूद भारत झुकने को तैयार नहीं है। अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 25% टैरिफ लगाने के बाद ट्रंप ने अब चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों में शुल्क दर और बढ़ाई जाएगी। उन्होंने भारत को "खराब व्यापारिक साझेदार" बताते हुए यह भी कहा कि भारत बहुत अधिक टैरिफ लगाता है, जिससे व्यापार संतुलन बिगड़ रहा है।
हालांकि भारत सरकार ने अब तक इस पर सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन बीते दिन ट्रंप के आरोपों को अनुचित और तर्कहीन बताया गया था। भारत ने साफ किया है कि वह अपने व्यापारिक हितों से पीछे नहीं हटेगा।
एक अमेरिकी चैनल को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने भारत को लेकर कहा, “भारत हमारे साथ बहुत व्यापार करता है, लेकिन हम उनके साथ नहीं कर पाते क्योंकि वे भारी टैरिफ लगाते हैं। इसीलिए हमने 25 प्रतिशत टैक्स लगाया और अब इसे और बढ़ाने की योजना है।”
इसके साथ ही ट्रंप ने भारत पर रूस से सस्ती ऊर्जा खरीदकर "रूस की युद्ध मशीन" को समर्थन देने का आरोप भी लगाया। इसके जवाब में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दो टूक कहा कि अमेरिका खुद भी रूस से यूरेनियम और पैलेडियम खरीदता है। ऐसे में भारत पर उंगली उठाना दोहरा मापदंड है।
भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह राष्ट्रीय हितों के आधार पर ही अपने फैसले लेगा। विदेश मंत्रालय का बयान अमेरिकी दबाव के विरुद्ध भारत के आत्मनिर्भर रुख को दर्शाता है।
विशेषज्ञों की मानें तो यह स्थिति 1998 के परमाणु परीक्षणों या 2013 में देवयानी खोबरागड़े विवाद जैसी गंभीर बनती जा रही है। दोनों ही मामलों में भारत ने अमेरिका के आगे झुकने से इनकार कर दिया था – और इस बार भी इतिहास खुद को दोहराता दिख रहा है।
इसी बीच भारत-रूस संबंधों में भी मजबूती देखी जा रही है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल के अंत तक भारत दौरे पर आ सकते हैं। इस यात्रा की तैयारी के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और फिर विदेश मंत्री एस. जयशंकर रूस दौरे पर जाएंगे।