यूक्रेन को पैट्रियट सिस्टम भेजेंगे ट्रंप, रूस पर सख्त रुख अपनाने के संकेत

Post

India News Live,Digital Desk : पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अमेरिका यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम देगा। साथ ही उन्होंने रूस पर सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए।

न्यू जर्सी में एक फुटबॉल मैच के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने बताया कि यूक्रेन को सुरक्षा के लिहाज से हथियारों की बेहद जरूरत है और अमेरिका इसमें मदद करेगा। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि कितनी संख्या में हथियार भेजे जाएंगे।

ट्रंप ने कहा, "फिलहाल मैंने यह तय नहीं किया है कि कितने हथियार भेजे जाएंगे, लेकिन यूक्रेन को सुरक्षा के लिए जरूरी मदद जरूर मिलेगी।"

इस फैसले के साथ ही व्हाइट हाउस ने अपने पुराने बयान से यू-टर्न ले लिया है। पहले यह कहा गया था कि यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई रोक दी जाएगी, लेकिन अब नया प्लान है कि अमेरिका यूक्रेन को हथियार देगा और इसके लिए पूरा पैसा नाटो देगा।

ट्रंप ने इस फैसले को अमेरिका के लिए एक बिजनेस मौका बताया। उन्होंने कहा, "हम यूक्रेन को अत्याधुनिक हथियार देंगे और इसके बदले में हमें 100% भुगतान मिलेगा।"

जेलेंस्की बोले, समझौते के करीब हैं
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह अमेरिका से पैट्रियट सिस्टम और मिसाइलों के लिए एक बहु-स्तरीय समझौते के अंतिम चरण में हैं।

पुतिन पर बरसे ट्रंप
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "पुतिन बाहर से बहुत मीठी बातें करते हैं, लेकिन रात को बमबारी कर देते हैं।"

राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने दावा किया था कि वह पुतिन से मिलकर युद्ध खत्म कर सकते हैं, लेकिन रूस ने अमेरिका और यूक्रेन के बीच युद्धविराम की कोशिशों को सिरे से खारिज कर दिया।

अब ट्रंप ने संकेत दिया है कि रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। सोमवार को उनकी मुलाकात नाटो महासचिव मार्क रट्टे से होने वाली है। ट्रंप ने कहा, "कल देखिए क्या होता है।"

अमेरिकी सीनेटरों ने पेश किया नया बिल
इस बीच, अमेरिकी सीनेटरों ने एक बिल पेश किया है, जो ट्रंप को रूस पर सख्त आर्थिक प्रतिबंध लगाने की शक्ति देगा।

सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने बताया कि यह बिल रूस की अर्थव्यवस्था और उन देशों को भी निशाने पर लेगा जो रूस का समर्थन कर रहे हैं—जैसे चीन, भारत या ब्राजील।

सीनेटर ब्लूमेंथल ने कहा, "अब वक्त आ गया है कि रूस की जब्त की गई संपत्तियों का इस्तेमाल यूक्रेन की मदद के लिए किया जाए। अमेरिका के पास मौजूद 5 अरब डॉलर की संपत्ति को यूक्रेन को दिया जाना चाहिए।"

सोमवार को रिचर्ड ब्लूमेंथल और लिंडसे ग्राहम, दोनों की नाटो महासचिव से मुलाकात प्रस्तावित है, जहां यह मुद्दा उठाया जाएगा।