Trouble on the release of 'Dhurandhar' : मेजर मोहित शर्मा के परिवार ने दिल्ली हाईकोर्ट में लगाई रोक की याचिका
India News Live,Digital Desk : आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ की रिलीज अब सिर्फ सात दिन दूर है। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फिल्म चर्चा में बनी हुई है। निर्देशक-निर्माता आदित्य धर ने फिल्म के अधिकांश किरदारों को पहले ही पेश कर दिया है, लेकिन रणवीर सिंह के किरदार पर अभी भी पर्दा है।
सोशल मीडिया पर लगातार अफवाहें उड़ रही थीं कि रणवीर सिंह फिल्म में मेजर मोहित शर्मा का रोल निभा रहे हैं। हालांकि आदित्य धर ने इस बात को खारिज किया और कहा कि यह सब गलत खबरें हैं।
लेकिन अब रिलीज से पहले फिल्म के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। मेजर मोहित शर्मा के परिवारवालों ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
याचिका में क्या कहा गया
‘बार एंड बेंच’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मेजर मोहित शर्मा के परिवार ने फिल्म मेकर्स पर आरोप लगाया है कि उन्होंने इंडियन आर्मी और मेजर मोहित शर्मा के कानूनी उत्तराधिकारी से अनुमति लिए बिना उनकी शहादत और गुप्त ऑपरेशन्स को फिल्म में दिखाया।
परिवार ने कहा है कि शहीद कोई “व्यावसायिक वस्तु” नहीं हैं और किसी को भी उनके जीवन को बिना अनुमति के दिखाने का अधिकार नहीं है। इसके अलावा, याचिका में परिवार ने फिल्म में नेशनल सिक्योरिटी से जुड़े संवेदनशील पहलुओं को दिखाने पर भी चिंता जताई है।
संवेदनशील सैन्य रणनीति और सरकारी अधिकारियों का नाम
याचिका में कहा गया है कि फिल्म में सैन्य रणनीति, घुसपैठ की रणनीति और ऑपरेशनल प्रोसीजर को अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (ADGPI) से अनुमति लिए बिना दिखाया गया। परिवार ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, CBFC, ADGPI, आदित्य धर और जियो स्टूडियोज़ को शामिल करते हुए फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की गुजारिश की है। साथ ही उन्होंने फिल्म की पब्लिक स्क्रीनिंग से पहले एक प्राइवेट स्क्रीनिंग करने की मांग भी की है।
फैमिली ने आगे यह भी कहा कि भविष्य में अगर मेजर मोहित शर्मा की जिंदगी पर कोई फिल्म बनाई जाती है, तो उससे पहले आर्मी और कानूनी उत्तराधिकारियों से अनुमति लेना अनिवार्य होना चाहिए।
धुरंधर की रिलीज डेट और कलाकार
फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रणवीर सिंह के किरदार को अभी हाइड किया गया है, लेकिन बाकी कलाकारों के किरदार पहले ही पेश किए जा चुके हैं।
संजय दत्त – एसपी चौधरी असलाम
अक्षय खन्ना – रहमान डकैत
आर. माधवन – नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (NSA) अजय सान्याल
अर्जुन रामपाल – मेजर इकबाल (ISI)
राकेश बेदी – जमील