June 18 2026 01:49 pm

त्रिनिदाद और टोबैगो ने भारत को यूएन में दिया मजबूत साथ, पीएम मोदी की ऐतिहासिक यात्रा से रिश्तों में नई जान

Post

India News Live,Digital Desk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की त्रिनिदाद और टोबैगो यात्रा ने दोनों देशों के रिश्तों में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। इस कैरेबियाई देश ने भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की स्थायी सदस्यता के लिए खुला समर्थन देकर एक बड़ा कूटनीतिक संदेश दिया है।

पीएम मोदी की त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर से मुलाकात के बाद कई अहम घोषणाएं और समझौते हुए। दोनों देशों ने बुनियादी ढांचा, फार्मास्यूटिकल्स, तकनीकी सहयोग समेत छह क्षेत्रों में समझौते किए हैं, जो भविष्य में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाएंगे।

एक अहम घोषणा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्रिनिदाद और टोबैगो में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों की छठी पीढ़ी तक को 'ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया' (OCI) कार्ड दिया जाएगा। यह कदम वहां की 40% से अधिक भारतीय मूल की आबादी को भारत से जोड़ने का एक मजबूत माध्यम बनेगा।

संयुक्त राष्ट्र में सुधारों की दिशा में बड़ा समर्थन
संयुक्त बयान में कहा गया कि त्रिनिदाद और टोबैगो ने UNSC की विस्तार प्रक्रिया के तहत भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन किया है। दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र में व्यापक सुधारों की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि आज की वैश्विक परिस्थितियों के अनुसार बदलाव जरूरी हैं।

दोनों देश देंगे एक-दूसरे को अंतरराष्ट्रीय समर्थन
इस दौरान यह भी सहमति बनी कि भारत, त्रिनिदाद और टोबैगो को UNSC की अस्थायी सीट (2027-28) के लिए समर्थन देगा, जबकि त्रिनिदाद भारत की दावेदारी को 2028-29 के लिए समर्थन देगा।

आतंकवाद के खिलाफ साझा प्रतिबद्धता
आतंकवाद के मुद्दे पर भी दोनों नेताओं ने एक सुर में अपनी प्रतिबद्धता जताई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के विशेष संबंधों को नई मजबूती देने वाली रही है।