BREAKING:
July 19 2026 09:33 am

कैंट स्टेशन के पास युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, परिजनों में मातम

Post

India News Live,Digital Desk : मेरठ के कैंट स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक युवक ने दिल्ली से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही डीएमयू ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। हादसे की जानकारी मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के पुरानी गोविंदपुरी निवासी 27 वर्षीय दीपक शाक्य रेस क्लब में स्थित रेस काउंटर पर काम करता था। दीपक अविवाहित था। उसके भाई धर्मेंद्र शाक्य ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6:30 बजे दीपक घर से चाय पीकर निकला था।

करीब दो घंटे बाद परिवार को जीआरपी की ओर से फोन आया कि दीपक ने डीएमयू ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली है। धर्मेंद्र ने बताया कि घर में किसी तरह का विवाद या परेशानी नहीं थी। दीपक ने बस यह कहा था कि वह थोड़ी देर घूमकर आता है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इस बारे में किसी को कुछ पता नहीं चल पाया।

जीआरपी थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया है। घटना के बाद परिवार में गहरा शोक है।