जिसे समझा घमंडी, वही निकली फिल्म की 'जान'; आदित्य धर ने 'धुरंधर 2' की मास्टरमाइंड प्रीतिशील के लिए लिखा भावुक पोस्ट
India News Live,Digital Desk : बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर 'धुरंधर 2' (Dhurandhar 2) ने पूरी दुनिया में कोहराम मचा रखा है। फिल्म के एक्शन और रणवीर सिंह की एक्टिंग की तो तारीफ हो ही रही है, लेकिन अब डायरेक्टर आदित्य धर ने फिल्म की उस 'शेरनी' से पर्दा उठाया है जिसके बिना यह ब्लॉकबस्टर मुमकिन नहीं थी। आदित्य धर ने हाल ही में मशहूर कैरेक्टर आर्टिस्ट और मेकअप डिज़ाइनर प्रीतिशील सिंह डिसूजा (Preetisheel Singh Dsouza) के लिए एक बेहद इमोशनल पोस्ट लिखकर उन्हें फिल्म की असली 'जान' बताया है।
"घमंडी" और "महंगी" होने की उड़ती थी अफवाहें
आदित्य धर ने अपने पोस्ट में स्वीकार किया कि प्रीतिशील को अपनी टीम में शामिल करने से पहले उनके मन में कई झिझक थी। आदित्य ने लिखा, "जब मैंने पहली बार उनका नाम सुना, तो मैं थोड़ा हिचकिचाया था। इंडस्ट्री में उनके बारे में बातें हो रही थीं कि वह बहुत घमंडी हैं, बहुत महंगी हैं और सिर्फ बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करती हैं।" लेकिन आदित्य ने बताया कि सिर्फ एक मुलाकात ने इन सभी अफवाहों को गलत साबित कर दिया।
20 हजार कलाकारों का कायापलट
फिल्म 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' के किरदारों को वास्तविक और प्रभावी बनाने का श्रेय प्रीतिशील को जाता है।
रणवीर सिंह का हमजा लुक: रणवीर सिंह को 'जसकीरत सिंह रंगी' से 'हमजा अली मजारी' के खतरनाक लुक में ढालने के पीछे प्रीतिशील की ही कलाकारी थी।
दिग्गज कलाकारों का मेकओवर: अर्जुन रामपाल (मेजर इकबाल), बड़े साहब और नवाब शफीक जैसे जटिल किरदारों को बारीकी से उनके लुक में ढालने के लिए प्रीति और उनकी टीम ने दिन-रात मेहनत की।
टीम की मेहनत: आदित्य धर के अनुसार, प्रीति की टीम ने फिल्म के करीब 20 हजार कलाकारों के लुक पर काम किया।
आदित्य धर की सीख: "दूसरों की राय पर न जाएं"
निर्देशक ने इस अनुभव से मिली एक बड़ी सीख भी साझा की। उन्होंने कहा, "अपनी सच्चाई कभी दूसरों की राय के आधार पर मत बनाओ।" आदित्य ने प्रीतिशील को न केवल एक जबरदस्त कलाकार, बल्कि एक नेकदिल और जमीन से जुड़ी इंसान बताया। उन्होंने प्रीति को अपनी 'पठानकोट की सरदारनी बहन' और 'शेर' कहते हुए उन्हें फिल्म की HOD (Head of Department) से कहीं बढ़कर अपना परिवार माना है।
शूटिंग की यादें और भरोसा
आदित्य ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई लंबी बातें और हर किरदार पर की गई घंटों की मेहनत उनकी जिंदगी की बेहतरीन यादें हैं। प्रीतिशील हमेशा उन्हें प्रोत्साहित करती थीं कि 'धुरंधर' एक दिन जरूर धमाल मचाएगी, और आज फिल्म की रिकॉर्डतोड़ सफलता ने उस भरोसे को सच साबित कर दिया है।