"सुनील पाल फ्रस्ट्रेटेड और इनसिक्योर हैं..." समय रैना ने विवादों पर तोड़ी चुप्पी; कपिल शर्मा का उदाहरण देकर निकाली भड़ास
India News Live,Digital Desk : स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना इन दिनों अपने लेटेस्ट वीडियो 'आई एम स्टिल अलाइव' (I Am Still Alive) की सफलता और हालिया विवादों को लेकर चर्चा के केंद्र में हैं। 'इंडियाज गॉट लैटेंट' विवाद के दौरान कई दिग्गज कलाकारों ने समय की आलोचना की थी, लेकिन अब समय ने पलटवार करते हुए उन सभी को करारा जवाब दिया है। हाल ही में 'चलचित्र टॉक्स' पॉडकास्ट में समय ने कॉमेडियन सुनील पाल को सीधे तौर पर 'इनसिक्योर' और 'फ्रस्ट्रेटेड' करार दिया।
"सुनील पाल के पास मानसिक शांति नहीं है"
पॉडकास्ट के दौरान जब समय रैना को सुनील पाल की फोटो दिखाई गई, तो उन्होंने बेबाकी से कहा, "मैं सुनील पाल के बारे में नहीं सोचता। मैंने अपनी जिंदगी में एक बात बहुत जल्दी सीख ली थी कि अगर कोई किसी के बारे में बकवास करता है, तो इसका मतलब है कि वह खुद किसी समस्या से जूझ रहा है। मुझे बुरा नहीं लगता, बल्कि उनके लिए हमदर्दी होती है कि उनके पास मेंटल पीस (मानसिक शांति) नहीं है।" समय ने आगे कहा कि जिस इंसान के दिमाग में शांति होती है, वह कभी दूसरों की शांति भंग करने की कोशिश नहीं करता।
कपिल शर्मा का दिया उदाहरण, राजू श्रीवास्तव को बताया बेहतर
समय ने अपनी बात को पुख्ता करने के लिए कपिल शर्मा और दिवंगत राजू श्रीवास्तव का उदाहरण दिया। उन्होंने सवाल उठाया, "क्या कपिल शर्मा ने हमारे खिलाफ कुछ बोला? या किसी और सफल एक्टर का रिएक्शन आया? नहीं, क्योंकि वे अपने काम में खुश हैं। सुनील पाल जैसे लोग सिर्फ इसलिए चिल्ला रहे हैं क्योंकि उनके भीतर कुछ इनसिक्योरिटी है।" समय ने यह भी जोड़ा कि सुनील पाल एक आइकॉनिक कैरेक्टर हो सकते हैं, लेकिन कॉमेडी के मामले में राजू श्रीवास्तव उनसे कहीं बेहतर थे।
"आतंकी" कहने पर समय का पलटवार
गौरतलब है कि 'इंडियाज गॉट लैटेंट' विवाद के दौरान सुनील पाल ने समय रैना और उनकी टीम को कॉमेडियन मानने से इनकार कर दिया था और उनकी तुलना 'आतंकियों' से कर दी थी। इस पर तंज कसते हुए समय ने कहा कि यह सब पब्लिसिटी पाने का तरीका है। उन्होंने कहा, "बढ़िया है कि वह मेरे बारे में बात कर रहे हैं, शायद इसी बहाने उन्हें थोड़ी अटेंशन मिल जाए।"
मुकेश खन्ना से भी जारी है 'जुबानी जंग'
सिर्फ सुनील पाल ही नहीं, समय रैना की रडार पर 'शक्तिमान' फेम मुकेश खन्ना भी हैं। समय ने अपने हालिया वीडियो में मुकेश खन्ना पर कमेंट किया था, जिसके बाद दिग्गज अभिनेता उन पर बुरी तरह भड़क गए थे। मुकेश खन्ना ने समय को 'कुत्ते की दुम' तक कह दिया था। समय का मानना है कि ये सभी लोग पुराने ढर्रे के हैं जो बदलती कॉमेडी और युवाओं की पसंद को पचा नहीं पा रहे हैं।