नैमिषारण्य के विकास में तेजी: सीएम योगी ने मांगी सड़कों की सूची, परसदा मार्ग को 7 मीटर चौड़ा करने की मंजूरी
- by Priyanka Tiwari
- 2026-01-20 16:03:00
India News Live,Digital Desk : नैमिषारण्य को वैश्विक स्तर पर विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार ने कई पहलें तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव से चौड़ा किए जाने वाले मार्गों की सूची मांगी है। विधायक ने सीतापुर वाया परसदा-नैमिषारण्य मार्ग को सात मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव दिया, जिसे लोक निर्माण विभाग ने 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया है।
नैमिषारण्य को मेट्रो सिटी की अवधारणा से विकसित किया जाएगा
सरकार का प्रयास है कि नैमिषारण्य के आसपास का 25-30 किलोमीटर क्षेत्र प्राकृतिक संपदा और आधुनिक जनसुविधाओं से सुसज्जित रहे। इसी के तहत कल्ली-नैमिषारण्य, नेरी-वाया कल्ली, सिधौली-महमूदाबाद जैसे मार्गों को पहले ही चौड़ा करने की मंजूरी दी जा चुकी है।
परसदा-मछरेहटा मार्ग पर बसों का संचालन शुरू
सीतापुर वाया परसदा-मछरेहटा मार्ग स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए मुख्य मार्ग है। लखीमपुर और उत्तरी जनपद के गांवों के श्रद्धालु इस मार्ग का प्रयोग करते हैं। परिवहन निगम ने इस मार्ग पर पांच बसों का संचालन शुरू कर दिया है।
संकरे मार्गों में जाम की समस्या
मधवापुर गांव से मछरेहटा तक मार्ग केवल तीन मीटर चौड़ा है। इस कारण कटिया, परसदा, चितरेहटापुरवा और केसरा गांवों में वाहन आने पर जाम की स्थिति बनती है। इससे बसों के संचालन में बाधा उत्पन्न होती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार संकरे मार्गों को भी चौड़ा किया जाएगा।
आगे की कार्ययोजना
विधायक रामकृष्ण भार्गव ने प्रस्तावित मार्गों की सूची शासन को भेजी है। लोक निर्माण विभाग ने नापजोख का काम पूरा कर लिया है और उम्मीद है कि शीघ्र ही मंजूरी मिल जाएगी। सभी मार्गों को अनिवार्य रूप से चौड़ा किया जाएगा, ताकि नैमिषारण्य तक सुगम और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित की जा सके।