BREAKING:
September 13 2026 06:12 am

Son turns monster in Gorakhpur : पैसे न देने पर मां की जान लेने पहुंचा

Post

India News Live,Digital Desk : गोरखपुर के सिक्टौर क्षेत्र के रामपुर गांव में रविवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब के लिए पैसे न देने पर एक बेटे ने अपनी 60 वर्षीय मां की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। बुजुर्ग मां, मझिंदरा देवी, गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। एम्स में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी बेटे झिनक गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है।

घर में अकेली थीं मां, बेटे ने की दरिंदगी

रविवार रात करीब 11 बजे झिनक गौड़ शराब के नशे में धुत होकर घर लौटा। उस वक्त घर में केवल मझिंदरा देवी अकेली थीं। झिनक की पत्नी अपने मायके गई थी, बड़ा भाई फैक्ट्री में काम पर था, और भाभी सिविल लाइंस अपने मायके में छठ मनाने गई थीं।

घर पहुंचते ही झिनक ने मां से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब मझिंदरा देवी ने पैसे देने से इनकार किया, तो झिनक आगबबूला हो उठा। पहले उसने गाली-गलौज की, फिर मां का गला दबा दिया। मझिंदरा देवी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

खोराबार थाना पुलिस ने घायल मझिंदरा देवी को एंबुलेंस से एम्स पहुंचाया। वहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सोमवार सुबह मझिंदरा देवी की बड़ी बहू सीता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने झिनक गौड़ को गिरफ्तार कर लिया।

“नशे में गलती हो गई”, थाने में फूट-फूटकर रोया आरोपी

पुलिस ने झिनक को उसी रात हिरासत में ले लिया था। सोमवार सुबह जब उसका नशा उतरा, तो वह थाने में फूट-फूटकर रोने लगा। पुलिस से उसने कहा, “मुझे छोड़ दो, मैं मां का इलाज कराऊंगा। गुस्से में गलती हो गई।”
उसने बताया कि पिता की मौत के बाद मां बड़े भाई के साथ रहती थीं और उस दिन उसने नशे में यह हरकत कर दी।

एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि झिनक गौड़ एक निजी स्कूल की बस चलाता है। उसने नशे की हालत में अपनी मां का गला दबाकर हत्या की कोशिश की। महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।