बंगाल में सनसनी भावी CM शुभेंदु अधिकारी के PA की सरेआम हत्या, ड्राइवर को लगीं 3 गोलियां
India News Live, Digital Desk:पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अभी जश्न का माहौल थमा भी नहीं था कि राज्य में एक बड़ी हिंसक वारदात ने सनसनी फैला दी है। राज्य के संभावित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी और उनके पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस हमले में उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा को भी तीन गोलियां लगी हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस हत्याकांड के बाद बंगाल की राजनीति में उबाल आ गया है और भाजपा समर्थकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
फिल्मी अंदाज में पीछा कर बरसाईं गोलियां
घटनाक्रम किसी थ्रिलर फिल्म की तरह खौफनाक रहा। जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ अपनी कार से जा रहे थे, तभी मध्यमग्राम के दोहरिया इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उनका पीछा करना शुरू किया। रात करीब 10:30 बजे जैसे ही कार की रफ्तार कम हुई, हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। चंद्रनाथ को तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कार की खिड़कियों पर गोलियों के निशान हमले की भयावहता की गवाही दे रहे हैं।
शुभेंदु के सबसे भरोसेमंद थे चंद्रनाथ रथ
चंद्रनाथ रथ पिछले कई वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे और उनके सबसे विश्वसनीय सहयोगियों में गिने जाते थे। घटना की खबर मिलते ही शुभेंदु अधिकारी अपना सारा काम छोड़ तुरंत मध्यमग्राम अस्पताल पहुंचे। अपने साथी को खोने के बाद वह काफी भावुक नजर आए। वहीं, दूसरी ओर घायल ड्राइवर बुद्धदेव बेरा को उत्तर 24 परगना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस को 'सुपारी किलिंग' का शक, जांच के लिए SIT गठित
पश्चिम बंगाल पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमलावरों को पकड़ने के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास के सभी रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में पुलिस इसे 'सुपारी किलिंग' (Contract Killing) का मामला मानकर भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हमले का मकसद शुभेंदु अधिकारी को कोई राजनीतिक संदेश देना था।
भड़के भाजपा कार्यकर्ता, 'एनकाउंटर' की उठी मांग
इस हत्या के बाद बंगाल का सियासी पारा सातवें आसमान पर है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया से लेकर जमीन तक, समर्थकों का गुस्सा फूट रहा है। कई कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद इन हत्यारों का 'एनकाउंटर' किया जाना चाहिए। भाजपा नेताओं का आरोप है कि हार से बौखलाए विरोधी दल अब हिंसा का सहारा लेकर डर का माहौल पैदा कर रहे हैं।