Revenge for Pahalgam attack : सेना की कार्रवाई पर जैश की कबूलनामा
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-17 12:29:00
India News Live,Digital Desk : भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' पर अब एक बड़ा खुलासा हुआ है। जैश-ए-मोहम्मद के शीर्ष कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने एक रैली में कहा है कि 7 मई को बहावलपुर में हुए हमले में आतंकी मसूद अजहर के परिवार के सदस्यों, जिनमें उसकी विधवा, बेटे और बच्चे शामिल हैं, के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए। यह बयान भारतीय सेना की उस कार्रवाई की सफलता की पुष्टि करता है, जिसने पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए इस ऑपरेशन को अंजाम दिया था।
जैश कमांडर का सनसनीखेज खुलासा
जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुए नुकसान के बारे में विस्तार से बात की है। उसने कहा कि भारतीय सेना के हवाई हमले में मसूद अज़हर के परिवार को काफी नुकसान हुआ है। कश्मीरी ने साफ तौर पर कहा कि बहावलपुर में मौजूद मसूद अज़हर के परिवार के सदस्यों के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए। यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान भारतीय हमले में हुए नुकसान को स्वीकार करने से इनकार करता रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर: भारतीय सेना की कड़ी प्रतिक्रिया
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया। इस ऑपरेशन के दौरान भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। इस कार्रवाई में 100 से ज़्यादा आतंकी मारे गए। भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी ने एक प्रेस वार्ता में पुष्टि की कि पहलगाम हमले की योजना बहावलपुर स्थित जैश मुख्यालय से बनाई गई थी।
इस हमले में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 'मरकज़ सुभान अल्लाह' नामक मस्जिद में स्थित जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय पूरी तरह से तबाह हो गया। इसके अलावा, सेना ने मुरीदके, सियालकोट, कोटली और मुज़फ़्फ़राबाद जैसे अन्य इलाकों को भी निशाना बनाया। इस हमले में आतंकी संगठन को भारी नुकसान हुआ है, और अब खुद जैश कमांडर के बयान ने घटना की गंभीरता की पुष्टि कर दी है।