कुशीनगर में हटाए गए 33 पुलिसकर्मियों में 27 को हाईकोर्ट से राहत, तबादले रद

Post

India News Live,Digital Desk : पशु तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई में लापरवाही के आरोपों के बाद जिले से हटाए गए 33 पुलिसकर्मियों के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने इनमें से 27 पुलिसकर्मियों के तबादले रद कर दिए हैं। आदेश के बाद 11 पुलिसकर्मियों ने लाइन में आमद दर्ज करा ली है, जबकि अन्य मामलों में विभागीय जांच अभी जारी है।

कोर्ट ने क्यों रद किए तबादले

हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान माना कि जिन कथित गलत गतिविधियों और लापरवाहियों का हवाला देकर पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए थे, उनके समर्थन में कोई ठोस और स्पष्ट आधार प्रस्तुत नहीं किया गया। इसी आधार पर कोर्ट ने 27 पुलिसकर्मियों के तबादलों को रद करते हुए राहत दी।

दीपक गुप्ता हत्याकांड के बाद हुई थी बड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि 15 सितंबर की रात पिपराइच थाना क्षेत्र के महुआचाफी गांव में नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता का पशु तस्करों ने अपहरण कर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई थी। गोरखपुर में निलंबन और कुशीनगर में एक साथ 33 पुलिसकर्मियों को हटाकर लाइन हाजिर किया गया था।

निरीक्षक से लेकर आरक्षी तक शामिल थे

हटाए गए पुलिसकर्मियों में दो निरीक्षक, कई उपनिरीक्षक, चौकी प्रभारी, मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल थे। बाद में इनमें से अधिकांश का दूसरे जिलों में तबादला कर दिया गया था, जिसके खिलाफ 27 पुलिसकर्मियों ने हाईकोर्ट का रुख किया।

कोर्ट से राहत पाने वाले पुलिसकर्मी

हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिन पुलिसकर्मियों को राहत मिली, उनमें उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, गौरव कुमार शुक्ल, पवन कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार, रामानंद सिंह यादव, श्याम सिंह यादव, तथा आरक्षी सूरज गिरी, दिव्यमान यादव, बृजेश यादव और विनोद कुमार गुप्ता शामिल हैं।

एडीजी की रिपोर्ट के आधार पर हुई थी कार्रवाई

घटना के बाद एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश गोरखपुर पहुंचे थे और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद 17 सितंबर को एडीजी जोन मुथा अशोक जैन कुशीनगर पहुंचे और जांच के बाद पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी।

जांच अभी जारी, आगे होगी कार्रवाई

एसपी कुशीनगर केशव कुमार ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में संबंधित पुलिसकर्मियों को ज्वाइन करा लिया गया है। पशु तस्करों से सांठगांठ के आरोपों की जांच अभी चल रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।