Red Fort blast : जैश-ए-मोहम्मद की महिला ब्रिगेड से जुड़ा लिंक, डॉक्टर शाहीन सईद की गिरफ्तारी से खुला आतंकी नेटवर्क का राज़
India News Live,Digital Desk : दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास हुए धमाके के तार अब आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़ते नज़र आ रहे हैं। इस मामले में लखनऊ की डॉक्टर शाहीन सईद की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को कई अहम सुराग मिले हैं। बताया जा रहा है कि जैश, अब अपने नेटवर्क को मज़बूत करने के लिए महिलाओं का एक अलग विंग तैयार कर रहा था, जिसे “जमात-उन-मोमिनात” नाम दिया गया है।
भारत में महिला विंग की कमान शाहीन के हाथ
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में इस विंग की स्थानीय जिम्मेदारी डॉ. शाहीन सईद के पास थी। इस संगठन का मकसद था – महिलाओं को बरगला कर कट्टरपंथ की राह पर लाना और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करना।
NDTV की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दिल्ली धमाके से करीब एक हफ्ते पहले इस विंग में एक नई सदस्य अफीरा बीबी को शामिल किया गया था। अफीरा, पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड उमर फारूक की पत्नी है। उसे इस ब्रिगेड की सलाहकार परिषद में शामिल किया गया और वहां वह मसूद अजहर की छोटी बहन सादिया अजहर के साथ काम कर रही थी।
कौन है अफीरा बीबी?
अफीरा बीबी, उमर फारूक की पत्नी है — वही आतंकी जिसे 2019 में दाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान में हुई मुठभेड़ में भारतीय सेना ने मार गिराया था। फारूक पुलवामा हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था।
14 फरवरी 2019 को पुलवामा में विस्फोटक से भरी गाड़ी ने CRPF के काफिले को निशाना बनाया था, जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
मसूद अजहर की महिला ब्रिगेड
8 अक्टूबर को मसूद अजहर ने अपने नए महिला संगठन की घोषणा की थी। कुछ दिनों बाद, 19 अक्टूबर को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में ‘दुख्तरान-ए-इस्लाम’ नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में महिलाओं को संगठन से जोड़ने की पहल की गई और इसकी निगरानी खुद अजहर की बहन सादिया अजहर को सौंपी गई। सादिया, अजहर के मारे गए भाई यूसुफ अजहर की पत्नी है, जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान मारा गया था।
दिल्ली धमाके से सीधा संबंध
डॉ. शाहीन सईद की गिरफ्तारी ने इस महिला ब्रिगेड की भारत में सक्रियता की पुष्टि कर दी है। शाहीन को भारत में संगठन की स्थानीय इकाई खड़ी करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
सोमवार शाम जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ, उससे कुछ घंटे पहले ही शाहीन की कार से असॉल्ट राइफल और गोला-बारूद बरामद किया गया था।
धमाके में 10 लोगों की मौत और करीब 24 लोग घायल हुए थे। इस घटना ने न सिर्फ दिल्ली बल्कि पूरे देश की सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।