लाल किला धमाके के बाद इंडिगो को मिली धमकी, कई एयरपोर्ट उड़ाने की चेतावनी से देशभर में अलर्ट
- by Priyanka Tiwari
- 2025-11-12 19:48:00
India News Live,Digital Desk : दिल्ली के लाल किला के पास हुए धमाके के बाद अब पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इस बीच, देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को उसके शिकायत पोर्टल पर एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसने हड़कंप मचा दिया।
ईमेल में दावा किया गया कि देश के कई एयरपोर्टों पर बम लगाए गए हैं और जल्द ही उन्हें उड़ाया जाएगा। धमकी मिलने के बाद तुरंत दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को सूचना दी गई।
ईमेल में दिल्ली एयरपोर्ट पर बम की बात
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ईमेल में खास तौर पर दिल्ली एयरपोर्ट का नाम लिया गया था और वहां बम होने की बात कही गई थी।
जैसे ही यह जानकारी मिली, तुरंत बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। कई घंटे तक चली जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस ने इसे फर्जी अलर्ट (Hoax Mail) घोषित किया।
देशभर में बढ़ाई गई सुरक्षा
हालांकि ईमेल झूठा निकला, लेकिन एहतियात के तौर पर दिल्ली, चेन्नई और गोवा एयरपोर्ट्स पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। सभी यात्रियों की स्कैनिंग और लगेज चेकिंग में अब अधिक सख्ती बरती जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था सामान्य है, लेकिन एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
जांच में जुटीं एजेंसियां
साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा ईमेल किसने और कहां से भेजा। शुरुआती जांच में ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि ऐसी शरारती हरकतें करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।