बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह का राज, ‘धुरंधर’ के बाद तीन बड़ी फिल्मों से मचाएंगे तबाही
India News Live,Digital Desk : लंबे समय से बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रहे रणवीर सिंह की किस्मत आखिरकार एक बार फिर साथ दे गई है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज होते ही सिनेमाघरों में तहलका मचा दिया है। यह फिल्म न सिर्फ रणवीर के करियर की सबसे बड़ी हिट साबित हुई है, बल्कि लगातार नए रिकॉर्ड भी अपने नाम कर रही है।
रविवार तक फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 381.60 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। जिस रफ्तार से ‘धुरंधर’ आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए यह साफ है कि यह तूफान अभी थमने वाला नहीं है। खास बात यह है कि इस मेगा सक्सेस के बाद रणवीर सिंह अब पूरी तरह अलग अवतार में बड़े पर्दे पर वापसी करने की तैयारी में हैं।
‘धुरंधर’ के बाद किस फिल्म की शूटिंग करेंगे रणवीर
‘धुरंधर’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद रणवीर सिंह इस लय को टूटने नहीं देना चाहते। अगले साल उनके पास तीन बड़ी फिल्में लाइनअप में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सबसे पहले जिस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे, वह लंबे समय से अटकी हुई ‘डॉन 3’ है।
इसके बाद रणवीर निर्देशक जय मेहता की फिल्म ‘प्रलय’ पर काम शुरू करेंगे। यह फिल्म 2026 के जुलाई-अगस्त के आसपास फ्लोर पर जाएगी। ‘प्रलय’ की कहानी एक ऐसे हीरो के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक खतरनाक जॉम्बी वर्ल्ड में जिंदा रहने की जंग लड़ता नजर आएगा। फिल्म का शेड्यूल पूरी तरह ‘डॉन 3’ की शूटिंग खत्म होने के बाद तय किया जाएगा।
धुरंधर की कामयाबी पर भावुक हुए रणवीर
करीब 250 करोड़ के बजट में बनी ‘धुरंधर’ को मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स ने रणवीर सिंह को भावुक कर दिया था। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था,
“किस्मत की एक खूबसूरत आदत है कि वो वक्त आने पर बदलती है, लेकिन फिलहाल नजर और सब्र।”
दरअसल, रणवीर की पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थीं। ऐसे में ‘धुरंधर’ की सफलता उनके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।
2026 में रणवीर का बॉक्स ऑफिस टेस्ट
साल 2026 रणवीर सिंह के करियर के लिए बेहद अहम होने वाला है। इस साल उनकी ‘धुरंधर 2’, ‘डॉन 3’ और ‘प्रलय’ जैसी तीन बड़ी फिल्में रिलीज होंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ये फिल्में रणवीर को एक बार फिर बॉक्स ऑफिस का बेताज बादशाह बना पाती हैं या नहीं।