BREAKING:
September 22 2026 05:39 pm

दादा की बायोपिक में राजकुमार राव निभाएंगे सौरव गांगुली का किरदार, फिल्म 2026 में होगी रिलीज

Post

India News Live,Digital Desk : भारतीय क्रिकेट के महान कप्तानों में से एक सौरव गांगुली की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर नजर आएगी। गांगुली की बायोपिक का लंबे समय से इंतजार हो रहा था और अब इस पर काम शुरू हो चुका है। खुद सौरव गांगुली ने इस बात की पुष्टि की है कि उनकी भूमिका अभिनेता राजकुमार राव निभाएंगे।

गांगुली ने कहा, "मुझे लगता है कि राजकुमार राव इस किरदार के लिए सबसे उपयुक्त हैं। मैं फिल्म से जुड़ी हर प्रक्रिया में उनका साथ दूंगा।" फिल्म की शूटिंग जनवरी 2026 में शुरू होगी और इसे दिसंबर 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म की कहानी और स्क्रिप्ट पर काम पूरा हो चुका है और अब शूटिंग की तैयारी चल रही है। सौरव ने बताया कि शूटिंग करीब तीन महीने चलेगी, जिसके बाद पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू होगा। हालांकि, अभी तक फिल्म का नाम और निर्देशक की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सौरव गांगुली का क्रिकेट करियर
सौरव गांगुली ने 1992 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने 113 टेस्ट मैचों की 188 पारियों में 42.17 की औसत से 7212 रन बनाए, जिसमें 16 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं।
वनडे में उनका प्रदर्शन और भी शानदार रहा। उन्होंने 311 वनडे मैचों में 11363 रन बनाए, जिसमें 22 शतक और 72 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 183 रन रहा। उनकी कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने विदेशों में जीतना सीखा और नए आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरना शुरू किया।

अब जब उनकी कहानी को सिनेमाई रूप दिया जा रहा है, तो क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह एक सुनहरा मौका होगा दादा की जिंदगी को नज़दीक से समझने का।