रेलवे ने बदला आरक्षण चार्ट का नियम, अब 18 घंटे पहले मिलेगी सीट की जानकारी

Post

India News Live,Digital Desk :  भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रथम आरक्षण चार्ट तैयार करने के समय में एक बार फिर बदलाव किया है। रेलवे बोर्ड ने नई व्यवस्था लागू करते हुए सभी जोनल रेलवे को इसके निर्देश जारी कर दिए हैं।

नई व्यवस्था के अनुसार, सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रस्थान करने वाली ट्रेनों का पहला आरक्षण चार्ट अब एक दिन पहले रात 8 बजे तैयार किया जाएगा। यानी यात्रियों को ट्रेन छूटने से लगभग 18 घंटे पहले ही अपनी सीट की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी।

वहीं, दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे और सुबह 5 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों का प्रथम आरक्षण चार्ट कम से कम 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा।

रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में सभी प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधकों (PCCM) और सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर नई गाइडलाइन को समय से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

रेलवे बोर्ड के निदेशक (पैसेंजर मार्केटिंग-2) संजय मनोचा ने 16 दिसंबर को जारी पत्र में कहा कि इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों को आरक्षण की स्थिति की जानकारी पहले देना है, ताकि लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को अनावश्यक चिंता न हो।

रेलवे बोर्ड का कहना है कि यह फैसला खासतौर पर दूर-दराज से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित होगा, क्योंकि अब उन्हें पहले ही यह पता चल सकेगा कि उनकी सीट कन्फर्म हुई है या नहीं।

गौरतलब है कि रेलवे बोर्ड लगातार आरक्षण प्रणाली को सरल और समयबद्ध बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे पहले 18 नवंबर को बोर्ड द्वारा यह व्यवस्था की गई थी कि यदि कोई जोनल रेलवे ट्रेन के प्रस्थान से कम से कम 8 घंटे पहले पहला आरक्षण चार्ट जारी नहीं करता है, तो सिस्टम स्वतः चार्ट तैयार कर देगा।

हालांकि, दूसरे आरक्षण चार्ट के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। रेलवे का मानना है कि यह नई व्यवस्था यात्रियों के लिए ज्यादा पारदर्शी और सुविधाजनक साबित होगी।