SCO शिखर सम्मेलन का सबसे चर्चित पल: पुतिन और मोदी की मुलाक़ात
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-04 18:45:00
India News Live,Digital Desk : चीन के तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाक़ात चर्चा का विषय बन गई। पुतिन ने इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ हुई अपनी निजी बातचीत का ज़िक्र भी किया।
पुतिन ने कहा, “यह कोई रहस्य नहीं है, मैंने प्रधानमंत्री मोदी को अलास्का में हुई बातचीत के बारे में बताया था।”
31 अगस्त और 1 सितंबर को हुए इस शिखर सम्मेलन में 20 से अधिक देशों के नेता और 10 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख शामिल हुए। लेकिन सबसे ज़्यादा सुर्खियाँ पुतिन और मोदी की उस मुलाक़ात ने बटोरी, जो पुतिन की बख़्तरबंद Aurus Limousine में हुई। दोनों नेताओं ने लगभग एक घंटे तक कार में गहन बातचीत की।
क्यों खास रही यह बैठक?
राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी का करीब 10 मिनट तक इंतज़ार किया। इसके बाद दोनों कार में सवार हुए। मीटिंग स्थल तक पहुँचने में सिर्फ़ 15 मिनट लगे, लेकिन बातचीत इतनी अहम थी कि उन्होंने अतिरिक्त 45 मिनट कार में ही चर्चा करते हुए बिताए।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के मुताबिक, बातचीत इतनी सहज और आरामदायक थी कि होटल पहुँचने के बाद भी दोनों नेताओं ने चर्चा जारी रखी।