दिल्ली और उत्तर भारत में प्रदूषण का कहर, चीन ने अपने अनुभव साझा किए
- by Priyanka Tiwari
- 2025-12-17 15:25:00
India News Live,Digital Desk : दिल्ली और उत्तर भारत के बड़े हिस्से इन दिनों भयंकर वायु प्रदूषण और जहरीले धुंध की चपेट में हैं। मंगलवार दोपहर 4 बजे दिल्ली का AQI 437 तक पहुंच गया, जबकि बुधवार सुबह 8 बजे यह 370 था। स्थिति इतनी गंभीर है कि सांस लेना मुश्किल हो रहा है, स्कूल बंद हो रहे हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
चीनी दूतावास का पोस्ट
चीन के दूतावास ने सोशल मीडिया पर बीजिंग की साफ हवा की तारीफ करते हुए दिल्ली की स्थिति से तुलना की। दूतावास प्रवक्ता यू जिंग ने लिखा कि चीन और भारत दोनों तेज शहरीकरण के कारण वायु प्रदूषण से जूझ रहे हैं। उन्होंने बीजिंग के AQI की तस्वीरें साझा कीं, जो मध्यम स्तर की गुणवत्ता दिखा रही थीं, जबकि दिल्ली और NCR का AQI 447 तक पहुंच चुका था, जो खतरनाक श्रेणी में आता है।
चीन के प्रदूषण नियंत्रण के उपाय
यू जिंग ने बताया कि चीन ने पिछले एक दशक में लगातार प्रयास किए हैं। 2013 में चीन ने ‘प्रदूषण पर युद्ध’ की घोषणा की और राष्ट्रीय स्वच्छ हवा एक्शन प्लान शुरू किया। इसमें PM2.5 के स्तर को कम करने पर जोर दिया गया और डेटा की निगरानी को मजबूत किया गया।
मुख्य कदम:
छोटे घरों में कोयले के उपयोग को बंद कर गैस आधारित बिजली और हीटिंग प्लांट लागू किए।
वाहनों के उत्सर्जन पर नियंत्रण, नए ईंधन और वाहन मानक लागू किए।
सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाया, ताकि लोग निजी गाड़ियों की बजाय बस और मेट्रो का इस्तेमाल करें।
निजी कारों की संख्या को नियंत्रित किया।
यूजर्स ने इस पोस्ट का स्वागत किया और दिल्ली की हवा की खराब स्थिति पर चिंता जताई। विशेषज्ञ मानते हैं कि चीन के मॉडल से भारत में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।