BREAKING:
September 09 2026 05:24 am

मेसी को पास देने में चूके सीएम रेवंत रेड्डी, किरेन रिजिजू के तंज से गरमाई सियासत

Post

India News Live,Digital Desk : भारत दौरे पर आए अर्जेंटीना के फुटबॉल सुपरस्टार लियोनल मेसी कोलकाता के बाद हैदराबाद पहुंचे थे। यहां तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ उनका एक फ्रेंडली फुटबॉल मैच प्रस्तावित था। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सीएम रेवंत रेड्डी मेसी को पास देने की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन गेंद काफी दूर चली जाती है।

वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे सोशल मीडिया पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर तंज कसा। इसके बाद राजनीतिक बयानबाजी और सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया।

20 सेकेंड का वीडियो बना चर्चा का केंद्र

किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करीब 20 सेकेंड का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,
“यह तो पूरी तरह बिगड़ गया! सीएम रेवंत रेड्डी को GOAT लियोनल मेसी के साथ खेलने का शानदार मौका मिला, लेकिन वह उन्हें एक आसान पास भी नहीं दे पाए। गेंद को इतनी दूर लेफ्ट और राइट में किक कर दिया कि मेसी को इधर-उधर दौड़ना पड़ा।”

रिजिजू के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया, जबकि कई यूजर्स ने एक मुख्यमंत्री पर इस तरह का तंज कसने के लिए रिजिजू की आलोचना भी की।

राजनीतिक रंग भी ले गया मामला

मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे राजनीतिक व्यंग्य से जोड़ दिया। उन्होंने लिखा कि शायद ममता बनर्जी ने कोलकाता से जुड़ी ‘गड़बड़ी’ का बदला लेने के लिए रेवंत रेड्डी से ऐसा करवाया होगा।

वहीं कई यूजर्स मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के समर्थन में भी सामने आए। एक यूजर ने लिखा,
“जब मेसी जैसे खिलाड़ी सामने हों, तो हर पास आसान नहीं होता।”

फुटबॉल प्रेमी हैं रेवंत रेड्डी

हैदराबाद में आयोजित इस इवेंट के आयोजकों ने बताया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मेसी के साथ खेलने के लिए पूरे दिन की आधिकारिक व्यस्तताओं के बाद भी अभ्यास किया था। बताया गया कि रेवंत रेड्डी खुद फुटबॉल के शौकीन हैं और उन्होंने इस मौके को बेहद उत्साह के साथ लिया।

वीडियो भले ही मजाक और राजनीतिक तंज का कारण बन गया हो, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे खेल भावना और हल्के-फुल्के अंदाज में भी देखा जा रहा है।