राजनीति और क्रिकेट का मिलन: सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई 8 जून को लखनऊ में

Post

India News Live, Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के होनहार खिलाड़ी रिंकू सिंह और मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज 8 जून को एक-दूजे के होने जा रहे हैं। दोनों की सगाई लखनऊ के सेंट्रम होटल में बड़े ही सादगीपूर्ण माहौल में की जाएगी, जहां राजनीति और खेल जगत की कई हस्तियां इस खास मौके की गवाह बनेंगी।

इस सगाई समारोह में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत देशभर के करीब 22 सांसदों के आने की संभावना है। दोनों परिवार इस मौके को खास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

प्रिया सरोज का खास लहंगा दिल्ली की मशहूर डिजाइनर महिमा महाजन ने तैयार किया है, जबकि उनकी ज्वेलरी बनारस के बेनियाबाग के मोहम्मद जुबैर द्वारा डिजाइन की जा रही है। आईपीएल के खत्म होते ही रिंकू सिंह ने भी इस समारोह की तैयारियों में खुद को झोंक दिया है। वह शनिवार को अपने परिवार के साथ लखनऊ पहुंचेंगे। इससे पहले वह कैंची धाम जाकर आशीर्वाद भी ले चुके हैं।

रिंकू सगाई में खासतौर पर डिजाइन किया गया स्टाइलिश कोट-पैंट पहनेंगे, जिसे मुंबई के एक प्रतिष्ठित डिजाइनर ने बनाया है। रिंकू के परिवार ने होने वाली दुल्हन प्रिया के लिए शगुन के तौर पर जेवर और साड़ियां भी खरीदी हैं।

सगाई के बाद लखनऊ में ही दोनों परिवार शादी की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के होटल ताज में धूमधाम से की जाएगी। यह आयोजन शाही और पारंपरिक अंदाज में होगा।

शादी में देशभर से नामी राजनेता, क्रिकेटर, फिल्मी सितारे और समाजसेवी शिरकत करेंगे। इस मौके के लिए होटल ताज का पिकॉक लॉन और दरबार हॉल बुक किया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए नदेसर पैलेस में कमरे आरक्षित किए गए हैं।

रिंकू सिंह शादी से दो दिन पहले यानी 16 नवंबर को वाराणसी पहुंचेंगे। वे अपने परिवार और करीबी रिश्तेदारों के साथ होटल में रुकेंगे, जहां हल्दी और मेहंदी जैसी रस्में निभाई जाएंगी। वहीं, प्रिया सरोज के नव-निर्मित घर में भी कुछ पारंपरिक रस्में होंगी।

प्रिया इन दिनों कठरवां करखियाओं इलाके में अपने सपनों का घर बनवा रही हैं, जो लगभग तैयार हो चुका है। यह घर 10 बिस्वा ज़मीन पर बना है और इसका निर्माण पिछले तीन सालों से चल रहा है।