Political change in Nepal : महत्वपूर्ण मंत्रालयों के नाम तय
India News Live,Digital Desk : नेपाल में अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों के लिए मंत्री तय कर दिए गए हैं। खबर है कि ये सभी मंत्री 15 सितंबर, सोमवार को शपथ ले सकते हैं। राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल को चार नाम भेजे गए हैं: ओम प्रकाश आर्यल, रामेश्वर खनाल, कुलमन घीसिंग और बालानंद शर्मा। प्रधानमंत्री के करीबी सूत्रों के मुताबिक, अन्य मंत्रालयों के लिए नामों पर बाद में चर्चा की जाएगी।
गृह मंत्रालय: ओम प्रकाश आर्यल
देश के नए गृह मंत्री के रूप में ओम प्रकाश आर्यल की संभावना जताई जा रही है। वे प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के बेहद करीबी माने जाते हैं। वकील के रूप में सुप्रीम कोर्ट में नाम कमाने वाले आर्यल ने केपी शर्मा ओली सरकार के खिलाफ 50 से अधिक जनहित याचिकाएँ दायर की हैं, जो भ्रष्टाचार, पुलिस सुधार और नागरिक अधिकारों से जुड़ी थीं।
रक्षा मंत्रालय: बालानंद शर्मा
सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल बालानंद शर्मा को देश का अगला रक्षा मंत्री बनाए जाने की संभावना है। 2006 के शांति समझौते के बाद माओवादी लड़ाकों को नेपाली सेना में शामिल करने में उनकी अहम भूमिका रही। उनकी सैन्य पृष्ठभूमि नेपाल की रक्षा नीतियों में स्थिरता लाने में मदद करेगी।
वित्त मंत्रालय: रामेश्वर खनाल
अगले वित्त मंत्री के रूप में रामेश्वर खनाल के नाम की चर्चा है। वे पूर्व वित्त सचिव रह चुके हैं और आर्थिक मामलों की गहरी समझ रखते हैं। खनाल बजट सुधार, कर प्रणाली में बदलाव और विदेशी निवेश (FDI) को बढ़ावा देने के समर्थक माने जाते हैं।
ऊर्जा मंत्रालय: कुलमन घीसिंग
नेपाल में ऊर्जा क्षेत्र में क्रांति लाने वाले कुलमन घीसिंग को ऊर्जा मंत्रालय मिलने की संभावना है। वे नेपाल विद्युत प्राधिकरण के पूर्व महानिदेशक रह चुके हैं और उनके कार्यकाल में बिजली कटौती को कम किया गया। घीसिंग ने नेपाल-भारत ऊर्जा समझौते में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे अगले 10 वर्षों में 10,000 मेगावाट बिजली का व्यापार संभव हो सकेगा।
अन्य संभावित मंत्रियों पर नजर
नेपाली क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान पारस खड़का को खेल मंत्रालय
असीम मान सिंह बस्नेत को परिवहन मंत्रालय
ये नए नाम नेपाल की राजनीति और प्रशासन में सकारात्मक बदलाव और स्थिरता लाने की उम्मीद जगाते हैं।