BREAKING:
September 18 2026 04:20 pm

Pakistan's turnaround : भारत से फिर नहीं चाहता टकराव, वार्ता को बताया विकल्प

Post

India News Live,Digital Desk : भारत के साथ हालिया तनाव में करारी हार के बाद अब पाकिस्तान का रुख नरम होता नजर आ रहा है। इस बदलाव की झलक उसके नेताओं के बयानों में भी साफ दिख रही है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने बुधवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच फिलहाल किसी नए संघर्ष की संभावना बहुत कम है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान बातचीत के लिए तैयार है।

डार का यह बयान उस समय आया जब उनसे प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की तुर्किये, ईरान, अजरबैजान और ताजिकिस्तान की यात्रा को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने साफ किया कि दोनों देशों के बीच फिलहाल संघर्षविराम लागू है और दोनों ओर से सैनिकों की वापसी को लेकर भी कदम उठाए गए हैं। इसलिए नई झड़प की आशंका फिलहाल नहीं दिखती।

भले ही बदला सुर, पर चेतावनी देना नहीं भूला पाकिस्तान

जहां एक ओर डार ने शांति की बात की, वहीं वह अपनी पुरानी शैली नहीं भूले और भारत को चेतावनी भी दे डाली। उन्होंने कहा कि अगर भारत दोबारा संघर्ष की पहल करता है तो पाकिस्तान भी करारा जवाब देगा। उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान भारत से बातचीत को तैयार है, लेकिन इसके लिए वह "बेताब" नहीं है।

पाकिस्तान चाहता है कि बातचीत में सभी मुद्दे शामिल हों – आतंकवाद, सिंधु जल संधि, और अन्य विवादित मसले भी।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था। इसके बाद 7 मई को भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों पर निशाना साधा। इस कार्रवाई से दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया और अंततः 10 मई को संघर्षविराम की घोषणा हुई।