भैया दूज पर यात्रियों की बढ़ी संख्या, रोडवेज ने शुरू की 24 घंटे बस सेवाएँ
- by Priyanka Tiwari
- 2025-10-22 19:39:00
India News Live,Digital Desk : भैया-दूज पर्व को देखते हुए यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। इसी कारण रोडवेज विभाग ने 300 किलोमीटर तक के जिलों के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की है। ये बसें बुधवार से चलनी शुरू हो गई हैं और शुक्रवार तक 24 घंटे चलेंगी। ताकि यात्रियों को आरामदायक सफर मिल सके, हर बस पर दो चालक और दो परिचालक की नियुक्ति की गई है।
मेरठ डिपो के स्टेशन प्रभारी आसिफ ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों के लिए आनंद विहार से बसें संचालित की जाएंगी। इसके तहत सोहराब गेट डिपो से 28 बसें दिल्ली के आनंद विहार भेजी गई हैं, वहीं मेरठ से दिल्ली के लिए 35 बसों का संचालन बुधवार से शुरू हो गया।
वहीं अन्य जिलों के लिए बसों की संख्या इस प्रकार है:
देहरादून – 22 बसें
बिजनौर – 35 बसें
नोएडा – 20 बसें
शामली – 30 बसें
भैसाली अड्डा इन बसों को संचालित करेगा। सोहराब गेट डिपो से 20 बसें मुरादाबाद, 47 बसें बुलंदशहर–खुर्जा, और 50 बसें आगरा–अलीगढ़ मार्ग पर बुधवार से चलनी शुरू हुई हैं।
डिपो प्रभारी आसिफ ने बताया कि ये बसें लगातार मेरठ और 300 किलोमीटर तक के जिलों के बीच शटलिंग करेंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप नायक ने कहा कि भैया दूज पर आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में यात्री निकलते हैं, इसलिए बुधवार से बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इस विशेष सुविधा के तहत शुक्रवार तक बसें 24 घंटे चलेंगी।